एस आर रघुवंशी, गुना। मध्य प्रदेश में महिला सशक्तिकरण का नारा जमकर लगाया जाता है। लेकिन गुना में इसी नारे की धज्जियां उड़ती हुई देखी गई जब महिला विधायक को ही इसकी असलियत से रूबरू होने पड़ गया। एक कार्यक्रम के दौरान भाजपा की महिला विधायक को मंच पर अपनी कुर्सी खुद लगानी पड़ी। इस घटना के बाद महिला विधायक का मंच पर ही दर्द छलक पड़ा।

दरअसल, शुभ विदाई गार्डन में गुरु रविदास समरसता संकल्प अभियान के मंच पर समानता का संदेश फीका पड़ गया। कार्यक्रम शुरू होने से पहले ही बैठने की व्यवस्था को लेकर असहज दृश्य बन गया। चांचौड़ा भाजपा विधायक प्रियंका मीना और नपाध्यक्ष सविता अरविंद गुप्ता को मंच पर कुर्सी नहीं मिली। आयोजक जगह दिलाने की कोशिश करते रहे, लेकिन पहली पंक्ति में जमे वरिष्ठ नेता उठने को तैयार नहीं हुए।

काफी देर तक असहजता के बाद विधायक प्रियंका पैंची ने नाराज होकर खुद ही कुर्सी खींचकर लगा ली। कुछ ऐसी ही स्थिति नगर पालिका अध्यक्ष सविता गुप्ता के साथ भी बनी, वे भी असहज दिखीं। मंच पर बैठे कार्यकर्ता यह सब देखते रहे और बाद में महिला जनप्रतिनिधियों का दर्द साफ झलका।

विधायक पैंची ने मंच से अपने संबोधन में कहा, “33 फीसदी आरक्षण मिला है, लेकिन मंच पर कुर्सी तक नहीं मिलती।” कार्यक्रम में समरसता और सद्भाव के भाषण होते रहे, मगर मंच की पहली तस्वीर ने कई सवाल खड़े कर दिए। इस ‘कुर्सी संग्राम’ का वीडियो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m