कृष्ण कुमार सैनी , सोनीपत | सुबह सब कुछ सामान्य था। लोग अपने-अपने काम से अदालत परिसर पहुंच रहे थे। तभी अचानक गोलियों की आवाज गूंजी और कुछ ही सेकंड में पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। जिसने भी यह मंजर देखा, वह सहम गया। अदालत के बाहर सरेआम हुए इस हमले ने हर किसी को हिला कर रख दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पहले एक गाड़ी को टक्कर मारी गई और फिर देखते ही देखते हमला इतना खौफनाक हो गया कि लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। गोलियों की तड़तड़ाहट के बीच लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। वारदात को अंजाम देने वाले हमलावर मौके से फरार हो गए।

दरअसल Sonipat के खरखौदा स्थित अदालत परिसर के बाहर बेखौफ बदमाशों ने नीरज उर्फ कातिया नामक युवक की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी। जानकारी के अनुसार मृतक नीरज अपनी पत्नी के साथ चल रहे दहेज प्रताड़ना मामले की पेशी पर अदालत आया था। इसी दौरान हमलावरों ने उसकी गाड़ी को टक्कर मारी और फिर उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने 5 से ज्यादा गोलियां दागीं, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही Kharkhoda Police Station पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस आसपास लगे CCTV फुटेज खंगाल रही है और हमलावरों की पहचान करने में जुटी हुई है। फिलहाल पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है, जबकि दिनदहाड़े अदालत परिसर के बाहर हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।