गुड़गांव। गांव गाडोली कलां में एक परिवार उस समय घबरा गया, जब घर के बाथरूम में टॉयलेट सीट के नीचे करीब 6 फीट लंबा कोबरा फन फैलाए बैठा मिला। सांप को देखकर परिवार ने वन्य जीव संरक्षक अनिल गंडास को सूचना दी। मौके पर पहुंचे अनिल गंडास ने कड़ी मशक्कत के बाद कोबरा को रेस्क्यू किया और बाद में जंगल में छोड़ दिया।
बाथरूम से आ रही थी आवाज
परिवार के लोगों को काफी देर से बाथरूम के अंदर से आवाज सुनाई दे रही थी। जब उन्होंने दरवाजा खोला तो टॉयलेट सीट के पास फन फैलाए कोबरा दिखाई दिया। सांप फुफकार मार रहा था। इसके बाद परिवार ने तुरंत वन्य जीव संरक्षक को इसकी जानकारी दी।
बताया गया कि कोबरा टॉयलेट सीट के पास बने एक छेद से बाथरूम के अंदर पहुंचा था। सूचना मिलने के बाद अनिल गंडास मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू की तैयारी शुरू की।
सीट तोड़ते ही फन फैलाने लगा कोबरा
कोबरा को बाहर निकालने के लिए अनिल गंडास ने टॉयलेट सीट को तोड़ा। सीट टूटते ही सांप ने फन फैला लिया और लगातार फुफकारने लगा। इसके बाद उन्होंने सावधानी से उसे काबू में किया।
कड़ी मशक्कत के बाद कोबरा को सुरक्षित बाहर निकाला गया। रेस्क्यू के बाद उसे जंगल में छोड़ दिया गया।
शिकार का पीछा करते हुए घर पहुंचने की आशंका
अनिल गंडास के मुताबिक, कोबरा अपने शिकार का पीछा करते हुए घर तक पहुंचा होगा। उन्होंने बताया कि अक्सर चूहों का पीछा करते हुए सांप जंगल से निकलकर घरों तक पहुंच जाते हैं।
उन्होंने बताया कि अगस्त महीने में ही घरों से करीब 70 सांपों को रेस्क्यू किया जा चुका है। इस घटना में भी समय रहते सांप को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


