गुलशन कुमार, नारनौल। जिला महेंद्रगढ़ की मेधावी प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए गुर्जर कल्याण परिषद, नारनौल की ओर से छठवां प्रतिभा सम्मान समारोह-2026 रविवार को भव्य और गरिमामय ढंग से आयोजित किया गया। कोरियावास रोड स्थित परिषद के निर्माणाधीन गुर्जर भवन, छात्रावास एवं लाइब्रेरी परिसर में हुए इस कार्यक्रम में जिले के मेधावी छात्र-छात्राओं, खेल प्रतिभाओं और विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता पाने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में राजस्थान हाईकोर्ट के न्यायाधीश जस्टिस वीरेंद्र सिंह सिराधना ने शिरकत की, जबकि अध्यक्षता पूर्व सरपंच जयमल सुबेदार ने की।

10वीं और 12वीं के इन विद्यार्थियों ने मारी बाजी
समारोह में 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले लगभग 150 विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। दसवीं और बारहवीं कक्षा के जिला स्तरीय टॉपरों की सूची इस प्रकार रही:
- दसवीं कक्षा: दोंखेरा की किस्मत और बिहारीपुर की निक्की ने समान रूप से 98.80% अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से प्रथम स्थान हासिल किया। खैरोली की पलक ने 98.40% अंकों के साथ द्वितीय और भेडनटी की किरण ने 97.80% अंकों के साथ तृतीय स्थान प्राप्त किया।
- बारहवीं कक्षा: बलाना की सरिता ने 94.60% अंकों के साथ प्रथम, थनवास की रितिका ने 93.60% अंकों के साथ द्वितीय और छापड़ा बीबीपुर की प्रियांशी ने 91.80% अंकों के साथ तृतीय स्थान प्राप्त किया।
सभी सम्मानित विद्यार्थियों को अतिथियों द्वारा प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिह्न और नकद पुरस्कार प्रदान किए गए। इसके अलावा नीट परीक्षा में सफल रहीं वंशिका और खेल जगत में गोल्ड मेडल जीतने वाली निचिता, वॉलीबॉल खिलाड़ी मनोज व हवा सिंह को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
छात्रावास और लाइब्रेरी निर्माण के लिए आर्थिक सहयोग की घोषणाएं
कार्यक्रम के दौरान समाज के उत्थान और विद्यार्थियों की सुविधा के लिए निर्माणाधीन गुर्जर भवन, छात्रावास एवं लाइब्रेरी को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की गईं। वीर गुर्जर विकास समिति के अध्यक्ष रामनिवास प्रोफेसर ने समिति की ओर से ₹1,00,000 की सहयोग राशि देने की घोषणा की। वहीं, केएल स्कूल इस्लामपुरा के सेक्रेटरी एवं चेयरमैन ओमप्रकाश ने प्रतिवर्ष अपनी एक माह की पेंशन इस निर्माण कार्य के लिए देने का ऐलान किया। उपस्थित लोगों ने इन घोषणाओं का जोरदार स्वागत किया।
शिक्षा और समाजोत्थान पर जोर
कार्यक्रम का संचालन प्राचार्य डॉ. रामपाल गुर्जर ने किया। इस दौरान परिषद के अध्यक्ष कुलदीप सिंह भरगड़ एडवोकेट, उपाध्यक्ष रामशरण चंदेला व संत राम सिराधना, सचिव उमराव सिंह चंदेला सहित कई गणमान्य लोग और शिक्षाविद् मौजूद रहे। वक्ताओं ने कहा कि कोरियावास रोड पर बन रहा यह छात्रावास और लाइब्रेरी परिसार क्षेत्र के विद्यार्थियों के भविष्य को संवारने में एक मजबूत शैक्षणिक केंद्र साबित होगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

