सुशीला देवी, गुरुग्राम। पुलिस ने राजीव चौक के पास एक ट्रक से 673 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। इसकी अनुमानित कीमत 1.25 करोड़ रुपये बताई गई है। गांजे को प्लास्टिक दानों की बोरियों के नीचे छिपाकर ले जाया जा रहा था। पुलिस ने ट्रक चालक समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

अपराध शाखा सेक्टर-65 की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर 26 अक्टूबर को राजस्थान नंबर के एक संदिग्ध ट्रक को रोका। तलाशी के दौरान प्लास्टिक दानों की बोरियों के नीचे गांजे के 23 कट्टे मिले। ट्रक में प्लास्टिक दानों से भरे 767 बैग और 15 पोट भी रखे थे।

ओडिशा से भिवाड़ी ले जा रहे थे गांजा

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साबिर (34), निवासी उदयपुर, और सनावर (19), निवासी मिर्जापुर, जिला खैरथल, राजस्थान के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी ओडिशा से गांजा लेकर भिवाड़ी में सप्लाई करने जा रहे थे। इसके लिए उन्हें दो लाख रुपये मिलने थे। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने इसी तरीके से पहले भी दो बार गांजा सप्लाई करने की बात बताई है।

10 दिन के पुलिस रिमांड पर आरोपी

पुलिस ने सदर थाना गुरुग्राम में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। अदालत ने दोनों आरोपियों को 10 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस अब गांजा तस्करी से जुड़े नेटवर्क और अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m