गुरुग्राम। गोल्फ कोर्स रोड स्थित सेक्टर-54-55 के AIT चौक को सोमवार रात 10 बजे से मंगलवार सुबह 4 बजे तक बंद रखा जाएगा। यहां जमीन से करीब 8 फीट नीचे स्थित पेयजल पाइपलाइन में लीकेज हो गया है। इसकी मरम्मत के लिए नगर निगम गुरुग्राम (MCG) की ओर से काम किया जाएगा। इस दौरान वाहन चालकों को वैकल्पिक रास्तों से जाना होगा।

पाइपलाइन में रिसाव के कारण बड़ी मात्रा में पीने का पानी बर्बाद हो रहा है। मुख्य सड़क पर पानी जमा होने से लोगों को परेशानी हो रही है और यातायात भी प्रभावित हो रहा है। पानी की बर्बादी रोकने और सड़क पर किसी तरह के नुकसान या खतरे से बचने के लिए पाइपलाइन की तत्काल मरम्मत की जाएगी।

सेक्टर-54 मेट्रो स्टेशन की ओर से आने वाले वाहन कहां से जाएंगे?

सेक्टर-54 मेट्रो स्टेशन की तरफ से आने वाले वाहन AIT चौक के गोलचक्कर पर U-टर्न नहीं ले सकेंगे। उन्हें करीब 100 मीटर आगे जाकर U-टर्न लेना होगा। इसके बाद वजीराबाद की तरफ सर्विस रोड से होते हुए CNG पंप के पास बने कट से फिर U-टर्न लेना होगा। यहां से वाहन जेनपैक्ट चौक की तरफ जा सकेंगे।

घाटा पावर हाउस की ओर से आने वालों के लिए डायवर्जन

घाटा पावर हाउस की तरफ से आने वाले वाहनों को भी AIT चौक के गोलचक्कर पर जाने से बचना होगा। ये वाहन वजीराबाद वाली सर्विस रोड से होकर CNG पंप के पास बने कट से U-टर्न लेंगे और आगे जेनपैक्ट चौक की तरफ जाएंगे।

ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए डायवर्जन किया है। वाहन चालकों को सोमवार रात 10 बजे से मंगलवार सुबह 4 बजे तक इस बदलाव के अनुसार अपनी यात्रा की योजना बनानी होगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m