Gurugram BSF Officer Son Death : गुरुग्राम। हरियाणा के गुरुग्राम में बुधवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई है। सेक्टर-85 स्थित द लीफ रिहायशी सोसाइटी में सीमा सुरक्षा बल (BSF) के डीआईजी सत्यवान खची के 28 वर्षीय बेटे आसीम खची की ऊंचाई से गिरने के कारण मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही सोसाइटी में अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोग और सुरक्षाकर्मी घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मां के साथ सोसाइटी में रह रहा था युवक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक आसीम खची अपनी मां के साथ सेक्टर-85 की द लीफ सोसाइटी के एक टावर में दसवीं मंजिल पर स्थित फ्लैट में रहता था। उसके पिता सत्यवान खची सीमा सुरक्षा बल में डीआईजी के पद पर कार्यरत हैं और दिल्ली के केजी मार्ग स्थित एशिया हाउस में रहते हैं। आसीम अविवाहित था और परिवार के अनुसार शांत स्वभाव का युवक था।
बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से आसीम मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। वह अधिकतर समय अपने कमरे में ही रहता था और बाहर भी कम निकलता था। हालांकि, उसकी परेशानी की वास्तविक वजह को लेकर अभी कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
सुबह अचानक हुई घटना, अस्पताल पहुंचने से नहीं बच सकी जान
परिवार की ओर से पुलिस को दी गई जानकारी के मुताबिक, बुधवार सुबह आसीम बालकनी में मौजूद था। इसी दौरान वह ऊंचाई से नीचे गिर गया। तेज आवाज सुनकर सोसाइटी के सुरक्षाकर्मी और आसपास रहने वाले लोग मौके पर पहुंचे। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन भी नीचे पहुंचे और युवक को आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद खेड़कीदौला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया और जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया।
जांच टीम ने घटनास्थल के साथ-साथ युवक के फ्लैट और बालकनी का निरीक्षण किया। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवक किन परिस्थितियों में नीचे गिरा। इसके लिए परिजनों और आसपास रहने वाले लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
सीसीटीवी फुटेज से खुल सकता है घटना का राज
पुलिस सोसाइटी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। जांच अधिकारियों का प्रयास घटना से जुड़ी परिस्थितियों और युवक की गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटाना है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही मौत की परिस्थितियों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
फिलहाल पुलिस किसी अंतिम निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है। आत्महत्या और दुर्घटनावश गिरने सहित विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। इस घटना के बाद मृतक के परिवार में शोक का माहौल है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

