Gurugram Clove Theft Case : गुरुग्राम। हरियाणा के गुरुग्राम में करीब 2 करोड़ रुपये की लौंग चोरी के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 20 टन 900 किलोग्राम लौंग और वारदात में इस्तेमाल किए गए दो ट्रक बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में दो नूंह जिले के रहने वाले हैं, जबकि तीसरा आरोपी असम का निवासी है। पुलिस के मुताबिक, चोरी की लौंग असम ले जाकर बेचने की योजना थी।
दिल्ली भेजी जा रही लौंग की खेप हुई थी गायब
पुलिस के अनुसार, एबीसी एक्सप्रेस कंपनी के माध्यम से नवी मुंबई से दिल्ली भेजी जा रही लौंग की 500 बोरियों की खेप निर्धारित स्थान पर नहीं पहुंची। 11 अक्टूबर को डिलीवरी के संबंध में जानकारी दिए जाने के बाद ट्रक चालक के दोनों मोबाइल फोन बंद मिले। तलाश के दौरान ट्रक बावल के पास एक होटल के नजदीक खाली हालत में मिला। जांच में ट्रक की जीपीएस लोकेशन गुरुग्राम के सेक्टर-93 क्षेत्र में मिली।
राठीवास से तीन आरोपी गिरफ्तार
मामले की जांच अपराध शाखा बिलासपुर की टीम कर रही थी। पुलिस ने 16 अक्टूबर को राठीवास स्थित पास्को फिटिंग सेंटर के पास से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनकी पहचान नूंह जिले के रानियाला पटकपुर निवासी मनन, बिछोर निवासी जुनैद और असम के बारपेटा जिले के निवासी अजीज के रूप में हुई है।
सुनसान जगह पर ट्रक से उतारी थी लौंग
पुलिस पूछताछ के अनुसार, आरोपियों ने गुरुग्राम के सेक्टर-88/89 क्षेत्र में सुनसान जगह पर लौंग की बोरियां ट्रक से उतारकर दूसरे ट्रकों में भर दी थीं। इसके बाद चोरी की खेप को असम ले जाकर बेचने की योजना बनाई गई थी।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लौंग की पूरी बताई गई खेप और दो ट्रक बरामद किए हैं। अब आरोपियों को रिमांड पर लेकर आगे पूछताछ की जाएगी, ताकि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं का पता लगाया जा सके।

