सुशीला देवी,गुरुग्राम। शहर को जाममुक्त बनाने और यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए गुरुग्राम यातायात पुलिस ने अवैध पार्किंग के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया। मई माह में हुई इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने नियमों का उल्लंघन कर सड़क किनारे और सार्वजनिक स्थानों पर खड़े 1736 वाहनों को क्रेन की मदद से टो कर उनके चालान किए।

यातायात पुलिस के अनुसार 1 मई से 28 मई 2026 तक चलाए गए विशेष अभियान का उद्देश्य शहर में बढ़ती अवैध पार्किंग की समस्या पर अंकुश लगाना था। अक्सर मुख्य सड़कों, चौक-चौराहों और व्यस्त बाजारों के आसपास बेतरतीब खड़े वाहन यातायात बाधित करते हैं, जिससे लोगों को जाम और परेशानी का सामना करना पड़ता है।

अभियान के दौरान गुरुग्राम मेट्रोपोलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी द्वारा उपलब्ध कराई गई क्रेनों की सहायता से प्रतिबंधित स्थानों पर खड़े वाहनों को हटाया गया। पुलिस ने कहा कि यह कार्रवाई केवल चालान तक सीमित नहीं है, बल्कि शहर में बेहतर यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

अधिकारियों ने बताया कि सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक प्रबंधन उनकी प्राथमिकताओं में शामिल हैं। इसके लिए नियमित रूप से जागरूकता अभियान भी चलाए जा रहे हैं, ताकि नागरिक यातायात नियमों का पालन करें और जिम्मेदार वाहन चालक बनें।

यातायात पुलिस ने वाहन चालकों को चेतावनी देते हुए कहा है कि अवैध पार्किंग करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी। लोगों से अपील की गई है कि वे केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें, ताकि शहर की यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे और जाम की समस्या से राहत मिल सके।