गुरुग्राम । द्वारका एक्सप्रेसवे पर श्रीराम चौक के पास देर रात एक तेज रफ्तार बीट कार ने डिवाइडर पर काम कर रहे दो युवकों को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में मृतकों के दो साथी और कार चला रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दिल्ली की तरफ से आ रही अनियंत्रित कार ने जान बचाने के लिए ग्रीन बेल्ट में कूदे अन्य दो युवकों को भी अपनी चपेट में ले लिया।
डिवाइडर पर ग्रिल कसते समय हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार, यह हादसा देर रात उस समय हुआ जब द्वारका एक्सप्रेसवे पर श्रीराम चौक के पास डिवाइडर की सुरक्षा के लिए लोहे की ग्रिल लगाने का काम चल रहा था। चारों युवक ग्रिल लगाने के काम में जुटे हुए थे। ग्रिल लगाने के बाद मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर निवासी बिजेंद्र और पप्पू उसके पेंच कस रहे थे, जबकि सतीश चंद और राम कुमार ग्रिल को पकड़कर खड़े थे।
जान बचाने ग्रीन बेल्ट में कूदे, कार ने वहां भी कुचला
इसी दौरान दिल्ली की ओर से आई तेज रफ्तार बीट कार ने सीधे ग्रिल पकड़े युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बिजेंद्र और पप्पू ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। कार को अपनी तरफ आते देख सतीश और रामकुमार ने जान बचाने के लिए एक्सप्रेसवे के बीच बनी ग्रीन बेल्ट की तरफ छलांग लगा दी। हालांकि, कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि वह अनियंत्रित होकर ग्रीन बेल्ट में जा घुसी और दोनों को वहां भी अपनी चपेट में ले लिया।
दिल्ली यूनिवर्सिटी का छात्र चला रहा था कार
इसके बाद कार रेलिंग से टकराकर रुक गई और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कार को गुरुग्राम के सेक्टर-110 स्थित इंडियाबुल्स एनिग्मा निवासी 20 वर्षीय वेदान खन्ना चला रहा था, जो दिल्ली यूनिवर्सिटी का छात्र है। इस हादसे में चालक वेदान खन्ना को भी गंभीर चोटें आई हैं।
अस्पताल में भर्ती घायल, पुलिस कर रही जांच
हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। पुलिस और राहगीरों ने तीनों घायलों को तुरंत पास के वाइब्रेंट अस्पताल में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद छात्र वेदान खन्ना को फोर्टिस अस्पताल रेफर कर दिया गया, जबकि सतीश और रामकुमार की हालत नाजुक बनी हुई है। बजघेड़ा थाना पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



