गुरुग्राम। गांव गढ़ी बाजिदपुर में श्मशान घाट पर दो युवकों से विवाद के बाद एक परिवार के घर के बाहर फायरिंग का मामला सामने आया है। आरोप है कि भाभी के अंतिम संस्कार के बाद चिता के पास बैठे युवकों को वहां से जाने के लिए कहने पर पहले मारपीट हुई और फिर देर शाम कार सवार करीब चार लोग परिवार के घर पहुंचे और गोलियां चलाईं। फायरिंग में घर की खिड़की के दो शीशों पर गोली लगने की बात सामने आई है। भोंडसी थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और एक आरोपी की पहचान कर ली गई है।

चिता के पास बैठे युवकों से हुआ विवाद

जानकारी के मुताबिक, गांव गढ़ी बाजिदपुर निवासी रामअवतार का गांव में कार वैलेटिंग सेंटर के नाम से सर्विस सेंटर है। उनके परिवार की दूर की रिश्तेदार की मौत हो गई थी। मंगलवार दोपहर गांव के श्मशान घाट में अंतिम संस्कार किया गया।

अंतिम संस्कार की रस्में पूरी होने के बाद परिवार के सदस्य घर लौट आए। कुछ देर बाद रामअवतार और परिवार के अन्य सदस्य चिता के पास कुछ रस्में पूरी करने के लिए दोबारा श्मशान घाट पहुंचे। वहां उन्हें चिता के पास दो युवक संदिग्ध हालत में बैठे दिखाई दिए।

परिवार को युवकों के तंत्र विद्या करने का शक हुआ। उन्होंने युवकों से पूछताछ की और उन्हें श्मशान घाट से जाने के लिए कहा। आरोप है कि इस बात पर युवकों ने बहस शुरू कर दी और रामअवतार व उनके परिवार के साथ मारपीट की।

देर शाम घर के बाहर की फायरिंग

बताया गया है कि श्मशान घाट पर विवाद शांत होने के बाद परिवार के सदस्य वापस लौट आए। देर शाम कार में सवार करीब चार लोग रामअवतार के घर के बाहर पहुंचे और फायरिंग कर दी।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, करीब छह राउंड फायरिंग की गई। इनमें से दो गोलियां घर की खिड़की के शीशों पर लगीं। घटना के बाद परिवार के लोग सहम गए। आरोपी मौके से फरार हो गए।

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

सूचना मिलने पर भोंडसी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। सीन ऑफ क्राइम टीम और फॉरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया। पुलिस के मुताबिक, मामले में एक आरोपी की पहचान हो चुकी है। वह गांव गढ़ी बाजिदपुर का रहने वाला है।

हालांकि, पुलिस ने अभी फायरिंग के कुल राउंड की पुष्टि नहीं की है। मामले की जांच जारी है। भोंडसी थाना प्रभारी ने इस संबंध में कुछ भी कहने से इनकार कर दिया।

एक महीने में भोंडसी क्षेत्र में दूसरी फायरिंग

इस घटना से पहले भी भोंडसी थाना क्षेत्र में गोली चलने का मामला सामने आया था। सोहना एलिवेटेड रोड पर नाकाबंदी के दौरान एसटीएफ की टीम ने एक गाड़ी को रोकने की कोशिश की थी। आरोप है कि गाड़ी सवार लोगों ने एसटीएफ की गाड़ी को टक्कर मारी, जवानों के साथ मारपीट की और उन पर फायरिंग कर दी। इसके बाद आरोपी फरार हो गए थे।

इस मामले में भोंडसी थाना पुलिस ने केस दर्ज किया था। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, उस मामले में आरोपियों का सुराग नहीं लग पाया था। अब इसी थाना क्षेत्र में एक और फायरिंग की घटना सामने आई है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m