गुरुग्राम। गुरुग्राम में बढ़ते प्रदूषण पर नियंत्रण पाने के लिए ग्रेप-2 (GRAP-2) के कड़े नियम लागू कर दिए गए हैं, लेकिन इसके बावजूद शहर के कई इलाकों में अवैध रेडी मिक्स कंक्रीट (RMC) प्लांट और क्रेशर बिना किसी रोक-टोक के संचालित हो रहे हैं। नगर निगम ने शहर में अवैध रूप से चल रहे कुल 31 RMC प्लांटों की पहचान की थी, जिनमें से 10 प्लांटों को तोड़फोड़ अभियान के तहत ध्वस्त कर दिया गया है। इसके बावजूद कई क्षेत्रों में नियमों का खुलेआम उल्लंघन जारी है।
दौलताबाद में दो प्लांटों पर चला पीला पंजा
नगर निगम की टीम ने मंगलवार और बुधवार को अवैध RMC प्लांटों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दौलताबाद क्षेत्र में दो प्लांटों को ध्वस्त किया। निगम के जेई हरिप्रकाश की अगुवाई में यह कार्रवाई की गई। अधिकारियों के अनुसार, दो दिनों के भीतर कुल 10 RMC प्लांटों पर तोड़फोड़ की जा चुकी है। निगम प्रशासन ने साफ किया है कि गुरुवार को भी इस अभियान के तहत अवैध प्लांटों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
कार्रवाई के बावजूद खुलेआम चल रहे प्लांट
नगर निगम के दावों और तोड़फोड़ की कार्रवाई के बावजूद बुधवार को धूमसपुर के पास कई RMC प्लांट और क्रेशर चालू मिले। धनकोट क्षेत्र में झज्जर रोड पर भी RMC प्लांट बिना अनुमति चल रहा है। धूमसपुर जेल रोड पर करीब एक किलोमीटर के दायरे में 20 से अधिक RMC प्लांट संचालित होने की बात सामने आई है। इसके अलावा बादशाहपुर से टीकली रोड पर भी कई प्लांट चल रहे हैं, जहां ओवरलोड ट्रकों की आवाजाही और उड़ती धूल के कारण आसपास के निवासियों और राहगीरों का सांस लेना मुश्किल हो रहा है।
अक्टूबर में ही 250 से 300 तक पहुंचा AQI
शहर में लगातार फैल रही धूल और प्रदूषण के कारण अक्टूबर महीने में ही एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 250 से 300 के खतरनाक स्तर तक पहुंच गया है। ऐसे में दिवाली के आसपास हवा का स्तर और अधिक गंभीर होने की आशंका है।
निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने कहा कि पहचान किए गए 31 प्लांटों में से 10 पर कार्रवाई की जा चुकी है और बाकी बचे अवैध प्लांटों के खिलाफ भी अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि निगम का प्रयास शहर में पर्यावरण संरक्षण के साथ स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण बनाए रखना है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

