गुरुग्राम। हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने GST विभाग की महिला इंस्पेक्टर श्रुति रानी को 7,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। उन पर एक कारोबारी से GST नंबर जारी करने और वेरिफिकेशन रिपोर्ट को मंजूरी देने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है। ACB के मुताबिक, टीम ने ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में जाल बिछाया और रिश्वत की रकम बरामद की। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है।
कारोबारी ने ACB से की थी शिकायत
ACB के अनुसार, एक स्थानीय कारोबारी ने अपनी फर्म के लिए नए GST नंबर का आवेदन किया था। शिकायत में आरोप लगाया गया कि आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद संबंधित क्षेत्र की GST इंस्पेक्टर श्रुति रानी फाइल आगे नहीं बढ़ा रही थीं। कारोबारी ने जब उनसे संपर्क किया, तो कथित तौर पर GST पंजीकरण सर्टिफिकेट जारी करने और वेरिफिकेशन रिपोर्ट को मंजूरी देने के बदले 7,000 रुपये मांगे गए। शिकायतकर्ता रिश्वत नहीं देना चाहता था। उसने इसकी लिखित शिकायत ACB को सौंप दी।
केमिकल लगे नोट देकर बिछाया जाल
ACB ने शिकायत की प्राथमिक जांच की। आरोप सही पाए जाने के बाद अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम बनाई गई। योजना के तहत शिकायतकर्ता को केमिकल लगे नोट दिए गए और ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कार्रवाई की गई।
ACB के मुताबिक, जैसे ही शिकायतकर्ता ने इंस्पेक्टर को 7,000 रुपये दिए और टीम को इशारा किया, अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर उन्हें पकड़ लिया। टीम ने रिश्वत की पूरी रकम भी बरामद कर ली।
हाथ धुलवाए तो पानी गुलाबी हुआ
कार्रवाई के दौरान इंस्पेक्टर के हाथ धुलवाए गए। ACB के अनुसार, केमिकल लगे नोटों के संपर्क में आने के कारण पानी का रंग गुलाबी हो गया। इस प्रक्रिया का इस्तेमाल रिश्वत के मामले में रासायनिक साक्ष्य जुटाने के लिए किया जाता है।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज
रेड के बाद श्रुति रानी को हिरासत में लेकर ACB थाने लाया गया। ब्यूरो ने उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया है।
दूसरे अधिकारियों की भूमिका की भी होगी जांच
ACB अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी को स्थानीय अदालत में पेश कर रिमांड पर लेने की प्रक्रिया की जाएगी। जांच के दौरान यह पता लगाने की कोशिश होगी कि क्या इस मामले में विभाग के अन्य अधिकारी या कर्मचारी भी शामिल हैं। विभाग में लंबित दूसरे GST आवेदनों की फाइलों की जांच भी की जा सकती है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

