गुरुग्राम। गैस सप्लाई करने वाली प्रमुख कंपनी हरियाणा सिटी गैस (HCG) के ग्राहकों के डेटा के साइबर ठगों तक पहुंचने का मामला सामने आया है। ठग उपभोक्ताओं के मोबाइल नंबर और गैस कनेक्शन से जुड़ी जानकारी का इस्तेमाल कर उन्हें मैसेज और कॉल कर रहे हैं। बिल पेंडिंग और कनेक्शन कटने का डर दिखाकर लिंक भेजा जा रहा है। गुरुग्राम के द्वारका एक्सप्रेसवे स्थित इंपीरियल गार्डन सोसाइटी में रहने वाले रियल एस्टेट कारोबारी प्रमोद गुप्ता भी इसी तरह की ठगी का शिकार हुए। 13 रुपये का पेंडिंग बिल दिखाकर लिंक से पेमेंट कराई गई और उनके खाते से 75 हजार रुपये निकल गए।

प्रीपेड कनेक्शन होने के बावजूद आया बिल का मैसेज

प्रमोद गुप्ता ने बताया कि उनका HCG का प्रीपेड कनेक्शन है। इसके बावजूद उन्हें एक नंबर से कॉल आया। कॉल करने पर दूसरी तरफ मौजूद व्यक्ति ने कनेक्शन में समस्या बताई और मामूली पेमेंट करने को कहा।

इसके बाद उन्हें एक लिंक भेजा गया। लिंक खोलने पर 13 रुपये का पेंडिंग भुगतान दिखाई दिया। उन्होंने भुगतान की प्रक्रिया पूरी की, लेकिन इसके तुरंत बाद उनके बैंक खाते से 75 हजार रुपये निकल गए।

प्रमोद गुप्ता ने मामले की शिकायत साइबर क्राइम हेल्पलाइन में की है।

कनेक्शन कटने का डर दिखाकर भेज रहे मैसेज

साइबर ठग उपभोक्ताओं को HCG कंपनी के नाम से मैसेज भेज रहे हैं। इसमें बताया जाता है कि गैस बिल पेंडिंग है। अगर तुरंत भुगतान नहीं किया गया तो उसी दिन कनेक्शन काट दिया जाएगा।

मैसेज में एक मोबाइल नंबर भी दिया जाता है। उपभोक्ता जब उस नंबर पर कॉल करता है तो जालसाज खुद को कंपनी का कस्टमर केयर अधिकारी बताते हैं।

इसके बाद वह भुगतान के नाम पर लिंक भेजते हैं। इसी प्रक्रिया के जरिए बैंक खाते से रकम निकालने की ठगी की जा रही है।

ग्राहकों की जानकारी ठगों तक कैसे पहुंची?

मामले में सबसे बड़ा सवाल उपभोक्ताओं के डेटा को लेकर है। ठगों के पास ग्राहकों के नाम, मोबाइल नंबर और HCG गैस कनेक्शन से जुड़ी सटीक जानकारी होने की बात सामने आई है।

इसी वजह से कस्टमर डेटा के लीक होने की आशंका जताई जा रही है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, साइबर अपराधी इस डेटा का इस्तेमाल बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं को निशाना बनाने के लिए कर रहे हैं।

लोगों को इसलिए भी भरोसा हो जाता है क्योंकि ठगों के पास उनके गैस कनेक्शन से जुड़ी जानकारी पहले से मौजूद होती है।

कंपनी ने ग्राहकों को किया अलर्ट

हरियाणा सिटी गैस ने उपभोक्ताओं को इस तरह के फर्जीवाड़े को लेकर आगाह किया है। कंपनी की कस्टमर केयर सेवा पर भी इस तरह की जालसाजी से जुड़ी बड़ी संख्या में कॉल और सूचनाएं पहुंच रही हैं।

कंपनी की ओर से उपभोक्ताओं को गैस बिल का भुगतान केवल आधिकारिक वेबसाइट या रजिस्टर्ड मोबाइल ऐप के जरिए करने की सलाह दी गई है।

पुलिस ने दी ये जरूरी सलाह

पुलिस ने लोगों से कहा है कि अनजान नंबर से आए कनेक्शन काटने वाले मैसेज पर भरोसा न करें। SMS या WhatsApp पर आए किसी अनजान लिंक को न खोलें।

किसी भी संदिग्ध लिंक पर कार्ड की डिटेल, CVV या नेट बैंकिंग का पासवर्ड दर्ज नहीं करना चाहिए।

अगर कोई व्यक्ति साइबर फ्रॉड का शिकार होता है तो तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज करानी चाहिए। इसके अलावा आधिकारिक साइबर पोर्टल पर भी शिकायत की जा सकती है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m