सुशीला देवी, गुरुग्राम। गुरुग्राम पुलिस ने अवैध हथियार सप्लाई करने वाले नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई करते हुए मध्य प्रदेश के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अपराध शाखा सेक्टर-40 की टीम ने आरोपियों के कब्जे से 8 देशी पिस्टल और 16 मैगजीन बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपी हथियारों की खेप मध्य प्रदेश से बस के जरिए गुरुग्राम लेकर पहुंचे थे और इन्हें दिल्ली-एनसीआर में सप्लाई करने की योजना थी।
पुलिस उपायुक्त अपराध नीतीश अग्रवाल के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के दुर्गेश और नरेंद्र उर्फ नरेन के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को 1 नवंबर को सोहना-गुरुग्राम रोड पर जीडी गोयनका यूनिवर्सिटी के नजदीक से गिरफ्तार किया।
पूछताछ में खुलीं नेटवर्क की कड़ियां
पुलिस के मुताबिक, 29 अक्टूबर को सेक्टर-112 बजघेड़ा से दीपक और राहुल को 5 अवैध पिस्टल व 11 मैगजीन के साथ गिरफ्तार किया गया था। रिमांड के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस हथियार सप्लाई करने वाले नेटवर्क तक पहुंची। जांच में सामने आया कि दुर्गेश और नरेंद्र पहले भी दीपक व राहुल को हथियार सप्लाई कर चुके थे।
आरोपियों ने पूछताछ में करीब चार साल से इस धंधे में शामिल होने और प्रत्येक हथियार की सप्लाई पर 7 हजार रुपये कमीशन मिलने की बात बताई। अब तक मामले में चार आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं और कुल 13 पिस्टल व 27 मैगजीन बरामद हुई हैं। पुलिस मुख्य सप्लायर और हथियार बनाने के ठिकाने का पता लगाने में जुटी है।
- IIIT के महिला हॉस्टल में छात्रा की मौत: थर्ड ईयर की वैष्णवी ने लगाई फांसी, पुलिस कर रही कारणों की जांच
- मध्य प्रदेश से गुरुग्राम पहुंच रही थी हथियारों की खेप, 8 पिस्टल और 16 मैगजीन के साथ दो गिरफ्तार
- तिरंगे में लिपटा लौटा गांव का लाड़ला, बेटे को आखिरी बार देख बिलख पड़े माता-पिता; हत्यारों को फांसी और CBI जांच की मांग
- झोटा हत्याकांड: 21 दिन बाद भी धरना जारी, कैबिनेट मंत्री गुरमीत खुड्डियां ने परिवार से की मुलाकात
- अनुप्रिया पटेल फिर बनीं अपना दल की बॉस, जानिए 2027 के लिए क्या है पार्टी का मास्टरप्लान?

