गुरुग्राम। दिल्ली से अवैध रूप से कूड़ा-कचरा और प्लास्टिक कचरा गुरुग्राम लाकर डालने वालों के खिलाफ गुरुग्राम पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कूड़ा ढोने में इस्तेमाल किए जा रहे 7 वाहन बरामद किए गए हैं। इनमें कैंटर और ट्रैक्टर-ट्रॉली शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, इस मामले में थाना बजघेड़ा में दो, थाना उद्योग विहार में एक और थाना राजेंद्र पार्क में एक अभियोग दर्ज किया गया है। जांच के दौरान सामने आया है कि आरोपी दिल्ली से कूड़ा और प्लास्टिक कचरा गुरुग्राम में लाकर अवैध रूप से डालते थे।

जांच में यह भी पता चला है कि गुरुग्राम में कूड़ा डालने के बाद उसमें से प्लास्टिक को अलग किया जाता था। इसके बाद प्लास्टिक की सेग्रीगेशन की जाती थी और उसे आगे दूसरे स्थानों पर भेजे जाने की जानकारी सामने आई है।

पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पूछताछ के जरिए इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही बरामद किए गए वाहनों के मालिकों और ट्रांसपोर्टरों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान यदि वाहन मालिकों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। गुरुग्राम पुलिस ने पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाली इस तरह की गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m