गुरुग्राम में 33 वर्षीय जागृति बारी ने घरेलू प्रताड़ना से तंग आकर अपने ऑफिस की पांचवीं मंजिल से छलांग लगा दी। परिजनों का आरोप है कि CA पति अमित सिंघल जागृति के साथ मारपीट करता था।

गुरुग्राम। सेक्टर-51 के एक कॉर्पोरेट दफ्तर में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब वहां तैनात एक 33 वर्षीय महिला अधिकारी ने ऑफिस की पांचवीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान जागृति बारी के रूप में हुई है, जो आदित्य बिड़ला कंपनी में सीनियर अकाउंट एग्जीक्यूटिव के पद पर कार्यरत थीं। मूल रूप से देहरादून की रहने वाली जागृति सालाना 12 लाख रुपये के पैकेज पर एक सफल करियर जी रही थीं, लेकिन निजी जिंदगी में वह एक गहरे मानसिक तनाव और प्रताड़ना से गुजर रही थीं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

सैलरी छीनने और मारपीट के गंभीर आरोप

जागृति के परिजनों ने उनके पति अमित सिंघल पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतका के भाई हार्दिक बारी के अनुसार, जागृति ने नवंबर 2023 में मेरठ निवासी सीए अमित सिंघल से लव मैरिज की थी, लेकिन शादी के कुछ समय बाद ही उसे ससुराल में प्रताड़ित किया जाने लगा। परिजनों का दावा है कि अमित जागृति की पूरी सैलरी छीन लेता था और उसे अपने निजी खर्चों के लिए भी पैसे नहीं देता था। इतना ही नहीं, छोटी-छोटी बातों पर जागृति के साथ मारपीट की जाती थी। जागृति ने अपनी बहन को कई बार शरीर पर मौजूद मारपीट के निशानों की तस्वीरें भी भेजी थीं, जो अब पुलिस जांच का हिस्सा हैं।

मानसिक प्रताड़ना ने ली होनहार प्रोफेशनल की जान

जागृति हर रोज मेरठ से गुरुग्राम का लंबा सफर तय कर ड्यूटी पर आती थी, लेकिन ससुराल के ‘टॉर्चर’ ने उसे मानसिक रूप से पूरी तरह तोड़ दिया था। जिस प्रेम के भरोसे उसने शादी की थी, वही घर उसके लिए नारकीय बन चुका था। भाई का आरोप है कि पति की लगातार प्रताड़ना और अपमान से तंग आकर ही जागृति ने अपनी जीवनलीला समाप्त करने जैसा कठोर कदम उठाया। पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और अमित सिंघल से पूछताछ की तैयारी की जा रही है। एक काबिल प्रोफेशनल की इस तरह मौत ने कॉर्पोरेट जगत और समाज में घरेलू हिंसा के गहरे मुद्दों पर फिर से बहस छेड़ दी है।