सुशीला देवी गुरुग्राम। चकरपुर इलाके में मकान का ताला तोड़कर आभूषण चोरी करने के मामले में गुरुग्राम पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। अपराध शाखा सेक्टर-39 की टीम ने आरोपी को सेक्टर-25, डीएलएफ फेज-2 से दबोचा। आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए चांदी की पायल, हीरे की अंगूठी, सोने की कान की बाली, चांदी का ब्रेसलेट और एक घड़ी बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार, 21 सितंबर को एक महिला ने पुलिस चौकी चकरपुर में शिकायत दी थी कि 15 से 17 सितंबर के बीच उसके चकरपुर स्थित मकान का ताला तोड़कर अज्ञात व्यक्ति ने आभूषण चोरी कर लिए। शिकायत के आधार पर थाना सेक्टर-29 में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान अपराध शाखा सेक्टर-39 की टीम ने 27 वर्षीय शुभम कुमार को गिरफ्तार किया। आरोपी मूल रूप से धनबाद, झारखंड का रहने वाला है और फिलहाल चकरपुर में रह रहा था। पूछताछ में आरोपी ने मकान का ताला तोड़कर चोरी करने की बात स्वीकार की है।

पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी के खिलाफ गुरुग्राम में चोरी का एक अन्य मामला पहले से दर्ज है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m