गुरुग्राम: सोशल मीडिया पर आजकल प्यार का इजहार करना और फिर उसके जाल में फंसाकर ठगी करना एक नया ट्रेंड बन गया है, जिसे साइबर की भाषा में ‘लव बॉम्बिंग’ कहा जा रहा है। ऐसा ही एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां गुरुग्राम के एक शातिर युवक ने इटली की एक नामचीन ज्वैलरी डिजाइनर डेनिएला को अपने झांसे में लेकर हजारों रुपये ऐंठ लिए। इंसाफ की गुहार लगाने के लिए विदेशी महिला को खुद इटली से भारत (गुरुग्राम) आना पड़ा और साइबर क्राइम पुलिस में शिकायत दर्ज करानी पड़ी है।
कमेंट सेक्शन से शुरू हुई थी ‘लव स्टोरी’
पीड़ित महिला डेनिएला के मुताबिक, यह पूरी कहानी मार्च 2026 में इंस्टाग्राम पर शुरू हुई थी। दोनों एक मशहूर जर्मन सिंगर नैंसी नोयर को फॉलो करते थे। इसी सिंगर के पोस्ट के कमेंट सेक्शन में दोनों की बातचीत शुरू हुई जो धीरे-धीरे दोस्ती और फिर प्यार में बदल गई।
‘AI फिल्म क्रिएटर’ बनकर जीता भरोसा
आरोपी युवक ने खुद को एक बड़ा ‘AI फिल्म क्रिएटर’ और ज्वैलरी डिजाइनर बताया था। महिला का भरोसा जीतने के लिए उसने शुरुआत में महिला के ज्वैलरी बिजनेस के लिए बिना एक भी पैसा लिए कई शानदार AI वीडियो बनाकर दिए। इसके बाद उसने महिला से शादी करने का वादा किया और उसे भावनात्मक रूप से अपने करीब ले आया।
फिर शुरू हुआ ‘लव बॉम्बिंग’ और पैसों का खेल
जब महिला पूरी तरह उसके प्यार के जाल (लव बॉम्बिंग) में फंस गई, तो आरोपी ने अपना असली रंग दिखाना शुरू किया। उसने कहानी बुनी कि उसकी नौकरी चली गई है और वह भारी आर्थिक परेशानी से जूझ रहा है। उसकी बातों में आकर महिला ने वेस्टर्न यूनियन के जरिए दो बार में कुल 900 यूरो (करीब 97 हजार रुपये) उसे भेज दिए।
2 लाख खर्च कर इटली से गुरुग्राम पहुंची पीड़िता
जब युवक बार-बार पैसों की मांग करने लगा, तो डेनिएला को शक हुआ। उन्होंने पहले इटली पुलिस से संपर्क किया, लेकिन वहां की पुलिस ने कहा कि मामला भारत का है, इसलिए गुरुग्राम पुलिस ही कार्रवाई कर सकती है। इसके बाद आरोपी को सबक सिखाने के लिए महिला करीब 2 लाख रुपये का खर्च उठाकर खुद इटली से भारत आई और गुरुग्राम साइबर क्राइम पुलिस में आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस अब मामले की जांच में जुट गई है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

