सुशीला, गुरुग्राम। पुलिस ने बसई रोड पर एन.के. फैक्ट्री के पास 39 वर्षीय महेन्द्र की गोली मारकर हत्या के मामले का एक दिन में खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, हत्याकांड वर्ष 2025 में हुई एक हत्या का बदला लेने के लिए रची गई साजिश का नतीजा था। आरोपियों ने महेन्द्र के साथ उसके बेटे की हत्या की भी योजना बनाई थी, लेकिन हमलावर केवल महेन्द्र को ही निशाना बना सके।

बेटे के साथ बाइक से जा रहा था महेन्द्र
घटना 10 सितंबर की सुबह करीब 9:20 बजे की है। महेन्द्र अपने बेटे के साथ बाइक से सदर बाजार जा रहा था। कृष्णा नगर के पास एन.के. फैक्ट्री के नजदीक पीछे से बाइक पर तीन युवक पहुंचे।
पुलिस के मुताबिक, इनमें से एक युवक ने महेन्द्र को गोली मार दी। गोली लगने के बाद महेन्द्र को अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
मामले की जांच के लिए अपराध शाखा की टीमों को लगाया गया था। पुलिस के अनुसार, तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पर्नव पारासर उर्फ छोटी, प्रवीण पारासर, देव शर्मा उर्फ केमटी, अंकित उर्फ बंटी और उत्सव के रूप में हुई है।
2025 की हत्या से जुड़ी रंजिश का दावा
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि प्रवीण के बेटे पर्व उर्फ बड़ी की वर्ष 2025 में हत्या हुई थी। पुलिस के अनुसार, उस मामले में महेन्द्र का बेटा भी शामिल था।
इसी रंजिश को लेकर प्रवीण और पर्नव ने अपने साथियों के साथ मिलकर महेन्द्र की हत्या की साजिश रची। पुलिस के मुताबिक, वारदात में गोली देव ने चलाई थी।
कट्टा, कारतूस और बाइक बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक देशी कट्टा, जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, गढ़ी हरसरू के पास घेराबंदी के दौरान भागने की कोशिश में देव और अंकित गड्ढे में गिर गए। दोनों घायल हो गए और उनकी टांगों में चोट आई। पुलिस मामले में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



