गुरुग्राम। फरीदाबाद रोड स्थित बंधवाड़ी लैंडफिल साइट पर बुधवार को भीषण आग लग गई। कूड़े के विशाल ढेर में अचानक भड़की आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे पूरे इलाके में काले धुएं का गुबार छा गया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि इन्हें कई किलोमीटर दूर से भी साफ देखा जा सकता था। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 4 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत कार्य शुरू किया।
दमकलकर्मियों को करनी पड़ रही कड़ी मशक्कत
आग लगने के कारणों का अभी तक आधिकारिक खुलासा नहीं हो पाया है, लेकिन प्रारंभिक तौर पर कूड़े में किसी चिंगारी की वजह से आग सुलगने की आशंका जताई जा रही है। फायर ब्रिगेड के अधिकारी और कर्मचारी आग पर काबू पाने के लिए लगातार पानी की बौछार कर रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि कूड़े का ढेर अधिक होने के कारण आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाने में अभी कई घंटों का समय लग सकता है।
प्रदूषण और धुएं से स्थानीय लोग परेशान
इस घटना के चलते आसपास के इलाकों में वायु प्रदूषण का स्तर काफी बढ़ गया है। लैंडफिल साइट से निकल रहे जहरीले धुएं के कारण स्थानीय निवासियों को सांस लेने में तकलीफ और आंखों में जलन जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। सुरक्षा की दृष्टि से प्रशासन ने फरीदाबाद रोड पर यातायात को डायवर्ट कर दिया है। दमकल विभाग की अतिरिक्त टीमों को भी अलर्ट पर रखा गया है ताकि आग को आबादी वाले क्षेत्रों की तरफ बढ़ने से रोका जा सके।

