सुशीला देवी, गुरुग्राम। फरुखनगर थाना क्षेत्र के गांव पातली में जमीनी विवाद को लेकर मारपीट के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर खेत में पोल गाड़ने से रोकने पर लाठी-डंडों और रॉड से हमला करने के साथ जान से मारने की धमकी देने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, 2 अक्टूबर को एक व्यक्ति ने थाना फरुखनगर में शिकायत दी थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह अपने भाई और परिवार के साथ खेत में काम कर रहा था। इसी दौरान कुछ लोग गाड़ियों में सवार होकर वहां पहुंचे और खेत में पोल गाड़ने लगे। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उनके साथ लाठी-डंडों और रॉड से मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने 3 अक्टूबर को फरुखनगर क्षेत्र से पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दलबीर उर्फ बाज, रोहित, हरेन्द्र, आशु और परमजीत के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, सभी आरोपी झज्जर जिले के अलग-अलग गांवों के रहने वाले हैं।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि मामले में दिनेश नामक आरोपी ने वर्ष 2018 में शिकायतकर्ता से जमीन खरीदी थी, लेकिन उसे जमीन का कब्जा नहीं मिल पाया था। पुलिस के अनुसार, जमीन पर कब्जा लेने के प्रयास में आरोपी अन्य लोगों के साथ मौके पर पहुंचा और विवाद के दौरान मारपीट की वारदात हुई। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

