गुरुग्राम। गुरुग्राम रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर एक युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) के अनुसार, युवक ने तेज रफ्तार ट्रेन के सामने छलांग लगा दी। टक्कर इतनी तेज थी कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर जीआरपी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मृतक की जेब से कोई पहचान पत्र, मोबाइल या अन्य दस्तावेज नहीं मिले हैं। फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है।

पहचान नहीं होने से जांच में चुनौती

जीआरपी के मुताबिक, मृतक की पहचान स्थापित करना फिलहाल सबसे बड़ी चुनौती है। तलाशी के दौरान उसके पास ऐसा कोई सामान नहीं मिला, जिससे उसकी शिनाख्त हो सके। इसी वजह से पुलिस अब अन्य माध्यमों से उसकी पहचान करने का प्रयास कर रही है।

72 घंटे तक मोर्चरी में रखा गया शव

कानूनी प्रक्रिया पूरी करने और पहचान की संभावना को देखते हुए शव को गुरुग्राम के सिविल अस्पताल की मोर्चरी में 72 घंटे के लिए सुरक्षित रखवाया गया है। इस दौरान यदि कोई परिजन या परिचित सामने आता है तो पहचान की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही पुलिस

घटना के बाद जीआरपी स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवक स्टेशन पर कब पहुंचा, किस ट्रेन के सामने आया और घटना से पहले उसकी गतिविधियां क्या थीं। पुलिस के अनुसार, मृतक की उम्र करीब 25 से 26 वर्ष के बीच है। उसने ग्रे रंग की चेकदार शर्ट और हल्के नीले रंग की जींस पहन रखी थी।

आम लोगों से पहचान में सहयोग की अपील

रेलवे पुलिस ने आसपास के सभी थानों और लापता व्यक्तियों से संबंधित इकाइयों को युवक का हुलिया भेज दिया है। साथ ही आम लोगों से भी अपील की है कि यदि इस हुलिए का कोई व्यक्ति लापता है या कोई जानकारी हो तो तुरंत जीआरपी से संपर्क करें, ताकि उसकी पहचान की जा सके।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m