गुरुग्राम। सड़कों और सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अधिकारियों को 30, 60 और 90 दिन की समयसीमा के अनुसार कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। शहरी स्थानीय निकाय, हरियाणा के आयुक्त एवं सचिव अशोक कुमार मीणा ने कहा कि 100 रोड चैलेंज में शामिल नहीं होने वाली सड़कों को भी बेहतर बनाया जाए। सभी कार्यों में वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) के दिशा-निर्देशों का पालन करना होगा।

नगर निगम कार्यालय में हुई समीक्षा बैठक में मीणा ने मुख्य सड़कों की सफाई, गड्ढामुक्त सड़कें, फुटपाथों की मरम्मत, ग्रीन बेल्ट के रखरखाव और ड्रेनेज की सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़कों के किनारे निर्माण एवं विध्वंस (सीएंडडी) वेस्ट और बागवानी कचरा जमा नहीं होने देने को भी कहा।

कचरा डालने वालों की पहचान के निर्देश

दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेसवे की सर्विस लेन और ग्रीन बेल्ट की सफाई पर भी निगरानी रखने को कहा गया। गार्बेज वल्नरेबल पॉइंट्स (जीवीपी) पर कचरा उठाने के साथ यह पता लगाने के निर्देश दिए गए कि कचरा कौन और कहां से डाल रहा है। इसका उद्देश्य समस्या का स्थायी समाधान करना है।

बैठक में शिकायतों को गलत तरीके से बंद करने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

एक महीने बाद कम से कम 20 सड़कों का निरीक्षण

100 रोड चैलेंज के तहत किए जा रहे कामों की निगरानी के लिए प्रगति मॉड्यूल बनाया जाएगा। मीणा ने कहा कि वह एक महीने बाद खुद निरीक्षण करेंगे और कम से कम 20 सड़कों की स्थिति का जायजा लेंगे।

28 अक्टूबर को जोन-2 में तैनात होंगी 100 गाड़ियां

डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण के लिए एजेंसी 28 अक्टूबर को 100 गाड़ियां उपलब्ध कराएगी। इन वाहनों को जोन-2 में तैनात किया जाएगा। अधिकारियों को पहले दिन से ही वाहनों, निर्धारित रूट और सफाई व्यवस्था की निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं।इसके अलावा, रोड स्वीपिंग मशीनों का औचक निरीक्षण भी किया जाएगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m