गुरुग्राम। गुरुग्राम नगर निगम में पिछले 17 महीनों से खाली पड़े सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर पदों को भरने के लिए 14 सितंबर को हरियाणा लोक प्रशासन संस्थान (हिपा) में हाउस की विशेष बैठक बुलाई गई है। पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट में 15 सितंबर को होने वाली सुनवाई से ठीक एक दिन पहले आयोजित इस चुनाव प्रक्रिया को संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं। बीजेपी के भीतर मचे सियासी घमासान के बीच यह चुनाव कराया जा रहा है।
चुनाव से पहले ‘गुरुकमल’ में बीजेपी की बैठक
चुनाव प्रक्रिया शुरू होने से ठीक पहले बीजेपी आलाकमान ने अपने सभी पार्षदों को पार्टी कार्यालय ‘गुरुकमल’ में तलब किया है। पार्टी नेतृत्व की कोशिश है कि मतदान से पहले ही उम्मीदवारों के नामों पर आम सहमति बना ली जाए ताकि सदन के भीतर गुटबाजी सामने न आए। इसके साथ ही पार्टी ने जातीय समीकरण साधने की रणनीति बनाई है, जिसके तहत एक पद अहीर (यादव) समाज और दूसरा पद अनुसूचित जाति को देने की तैयारी है।
राव इंद्रजीत और राव नरबीर खेमे में खींचतान
पार्टी स्तर पर सहमति बनाने के प्रयासों के बावजूद धरातल पर मुकाबला कड़ा बना हुआ है। केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह और हरियाणा सरकार में कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह के खेमों के बीच अपने-अपने पसंदीदा पार्षदों को इन पदों पर बैठाने के लिए खींचतान चरम पर है। अगर दोनों गुटों में सर्वसम्मति नहीं बनती है, तो पार्टी द्वारा व्हिप जारी किए जाने के बावजूद बैलेट पेपर से वोटिंग कराई जा सकती है।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम, रिटर्निंग ऑफिसर तैनात
चुनाव के दौरान किसी भी विवाद या हंगामे की आशंका को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। नगर निगम कमिश्नर प्रदीप दहिया ने बताया कि चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से कराने की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इसके लिए रिटर्निंग ऑफिसर नियुक्त किया गया है और हिपा परिसर के आसपास भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



