सुशीला देवी, गुरुग्राम। सेक्टर-53 थाना पुलिस ने सोसायटियों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और चोरी सहित अन्य आपराधिक घटनाओं पर रोक लगाने के लिए RWA पदाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में सोसायटियों के एंट्री-एग्जिट प्वाइंट, सुरक्षा गार्ड, CCTV निगरानी और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षक नरेंद्र, थाना प्रभारी सेक्टर-53 ने RWA प्रधान प्रवीण यादव सहित अन्य पदाधिकारियों के साथ सोसायटियों की सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा की। पुलिस ने सभी एंट्री-एग्जिट प्वाइंट पर गेट लगाने और वहां पर्याप्त संख्या में सुरक्षा गार्ड तैनात करने की हिदायत दी।
पुलिस ने सोसायटी के महत्वपूर्ण स्थानों और प्रवेश-निकास द्वारों पर CCTV कैमरे लगाने के साथ उनकी नियमित निगरानी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। RWA सदस्यों से कहा गया कि सोसायटी में आने वाले संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों पर विशेष नजर रखी जाए, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि का समय रहते पता लगाया जा सके।
पुलिस ने RWA पदाधिकारियों से कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपराधिक घटना की जानकारी मिलते ही इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। साथ ही सोसायटी की सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पुलिस के साथ लगातार समन्वय बनाए रखने की अपील की गई।
पुलिस ने RWA को सुरक्षा से जुड़ी जरूरतों में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। गुरुग्राम पुलिस के अनुसार, RWA और आमजन के सहयोग से सोसायटियों में सुरक्षित माहौल बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

