Gurugram Road Accident : गुरुग्राम। राजस्थान के बालाजी मंदिर में दर्शन कर परिवार के साथ घर लौटने का सफर एक दर्दनाक हादसे पर खत्म हो गया। गुरुग्राम के सोहना क्षेत्र में बॉम्बे एक्सप्रेसवे पर कार सड़क किनारे खड़ी बस से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में पति-पत्नी समेत परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई, जबकि दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।
दुर्घटना गुरुवार सुबह करीब 4 बजे धुनेला गांव के पास हुई। दिल्ली के रजोकरी इलाके में किराए पर रहने वाले बम बम कुमार पेशे से टैक्सी चालक थे। वह अपनी पत्नी रूपा देवी और तीन बच्चों के साथ राजस्थान स्थित बालाजी मंदिर में दर्शन करने गए थे। दर्शन के बाद सभी कार से दिल्ली लौट रहे थे।
खड़ी बस से टकराई कार
परिवार की कार जब सोहना क्षेत्र में धुनेला गांव के पास पहुंची, तो अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया। इसके बाद कार सड़क किनारे खड़ी बस से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए।
हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया।
दो बच्चे जिंदगी और मौत के बीच
अस्पताल में डॉक्टरों ने बम बम कुमार, उनकी पत्नी रूपा देवी और उनकी बेटी माही को मृत घोषित कर दिया। हादसे में 11 वर्षीय आयुष और एक साल की बच्ची गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों को आईसीयू में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिए हैं। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

