Gurugram Spa Center Raid : गुरुग्राम: सेक्टर-90 स्थित सफायर मॉल में पुलिस ने स्पा सेंटरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। हरियाणा महिला आयोग के साथ मिलकर की गई इस कार्रवाई में 18 स्पा सेंटरों की जांच की गई। इनमें से 8 सेंटरों में संदिग्ध और आपत्तिजनक गतिविधियां मिलने की बात सामने आई है। पुलिस ने मौके से 30 महिलाओं और 20 पुरुषों को हिरासत में लिया है।
देर रात शुरू हुई कार्रवाई
पुलिस और महिला आयोग की टीम ने शुक्रवार रात करीब 10 बजे मॉल में पहुंचकर जांच शुरू की। कार्रवाई शनिवार तड़के करीब 3 बजे तक चली। जांच के दौरान कई स्पा सेंटरों में पुलिस ने रिकॉर्ड और अन्य सामान की भी जांच की।
पुलिस के अनुसार, इन सेंटरों में स्पा की आड़ में अनैतिक गतिविधियां चलने की शिकायतें मिल रही थीं। इसके बाद मामले की जानकारी हरियाणा महिला आयोग की चेयरपर्सन उषा प्रियदर्शिनी तक पहुंची। शिकायत के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की योजना तैयार की।

100 पुलिसकर्मियों की टीम ने की जांच
कार्रवाई के लिए एसीपी मुख्यालय-1 अभिलक्ष जोशी की निगरानी में टीम बनाई गई। इसमें करीब 20 इंस्पेक्टर और सब-इंस्पेक्टर समेत लगभग 100 पुलिसकर्मी शामिल रहे। मौके पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट और अन्य विशेष अधिकारी भी मौजूद थे।
पुलिस टीम ने एक-एक करके मॉल में चल रहे स्पा सेंटरों की जांच की। कार्रवाई के दौरान जिन सेंटरों में नियमों के उल्लंघन और संदिग्ध गतिविधियों से जुड़े तथ्य मिले, उनके खिलाफ कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई।
इमोरल ट्रैफिकिंग एक्ट के तहत केस
पुलिस ने हिरासत में लिए गए लोगों के खिलाफ इमोरल ट्रैफिकिंग एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इन गतिविधियों के पीछे कौन लोग हैं और स्पा सेंटरों का संचालन किस तरह किया जा रहा था।
यह कार्रवाई गुरुग्राम में स्पा सेंटरों की गतिविधियों को लेकर पुलिस और महिला आयोग की ओर से की गई बड़ी कार्रवाई में से एक मानी जा रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



