गुरुग्राम। जिला अदालत परिसर के बाहर ट्रैफिक पुलिस को एक बाइक का चालान करना उस समय भारी पड़ गया, जब चालान कटने के बाद वकीलों ने पुलिस की ही गाड़ी पर सवाल खड़े कर दिए। मामला इतना बढ़ा कि आखिरकार जिस पुलिस टीम की ओर से वाहनों की जांच की जा रही थी, उसी पुलिस की गाड़ी का भी 11 हजार रुपये का चालान काटना पड़ा। पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
दरअसल, जस्टिस टावर के बाहर ट्रैफिक पुलिस वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान सीनियर एडवोकेट कुनाल बागड़ी के पिता की बाइक नंबर HR 26 CU 9301 वहां पहुंची। पुलिस ने बाइक पर हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (HSRP) नहीं होने के चलते उसे रोक लिया और ऑनलाइन चालान कर दिया।
कुनाल बागड़ी के मुताबिक, बाइक की नंबर प्लेट जलभराव के दौरान निकल गई थी और नई नंबर प्लेट के लिए आवेदन भी किया जा चुका था। उन्होंने पुलिसकर्मियों को इसकी जानकारी दी, लेकिन इसके बावजूद चालान काट दिया गया। साथ ही प्रदूषण प्रमाणपत्र का भी चालान किया गया। दोनों चालानों को मिलाकर बाइक का कुल 3500 रुपये का चालान काटा गया।
चालान की खबर मिली तो कोर्ट से बाहर आ गए वकील
वकील के पिता की बाइक का चालान होने की जानकारी साथी अधिवक्ताओं को मिली तो कई वकील मौके पर पहुंच गए। उन्होंने पुलिसकर्मियों से चालान को लेकर सवाल-जवाब शुरू किए। कुछ ही देर में मामला बहस में बदल गया।
इसी दौरान वकीलों की नजर पास खड़ी एक गाड़ी पर पड़ी। आरोप है कि इस गाड़ी पर नंबर प्लेट नहीं थी और उसके शीशे भी नियमों के मुताबिक पारदर्शी नहीं थे। इतना ही नहीं, वकीलों ने आरोप लगाया कि गाड़ी रॉन्ग साइड से आकर वहां खड़ी की गई थी।
वकीलों ने कहा- नियम सबके लिए बराबर
वकीलों ने जब गाड़ी के बारे में जानकारी जुटाई तो पता चला कि वह पुलिस की सीआईए (क्राइम इन्वेस्टिगेशन एजेंसी) की गाड़ी है। इसके बाद वकीलों ने ट्रैफिक पुलिस से कहा कि यदि नंबर प्लेट और दूसरे नियमों को लेकर आम लोगों के वाहनों का चालान किया जा रहा है तो पुलिस की गाड़ी पर भी वही नियम लागू होने चाहिए।
वकील पुलिसकर्मियों से गाड़ी का चालान करने की मांग पर अड़ गए। मौके पर काफी देर तक दोनों पक्षों के बीच बहस होती रही। आखिरकार पुलिस की गाड़ी का भी चालान किया गया। सामने आई जानकारी के अनुसार, पुलिस की गाड़ी पर 11 हजार रुपये का चालान किया गया।
वीडियो वायरल, लोग बोले- ‘ऑन द स्पॉट न्याय’
इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कई वकील पुलिस की गाड़ी के पास खड़े होकर पुलिसकर्मियों से उसका चालान करने की मांग करते नजर आ रहे हैं। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच बहस भी होती दिखाई दे रही है।
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रियाएं भी आ रही हैं। कई यूजर्स ने इसे ‘जैसे को तैसा’ और ‘ऑन द स्पॉट न्याय’ बताया। लोगों का कहना है कि अगर नियम आम वाहन चालकों पर लागू होते हैं तो सरकारी वाहनों को भी उनका पालन करना चाहिए।
हालांकि, वायरल वीडियो में पुलिस की गाड़ी का चालान काटे जाने की पूरी प्रक्रिया और चालान के सभी आधार स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं देते। फिलहाल घटना ने गुरुग्राम जिला अदालत के बाहर खूब चर्चा बटोरी है। शुरुआत एक बाइक के 3500 रुपये के चालान से हुई थी, लेकिन मामला घूमते-घूमते पुलिस की गाड़ी तक पहुंचा और आखिर में उसका 11 हजार रुपये का चालान कट गया।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


