गुरुग्राम। दिल्ली एयरपोर्ट से गुरुग्राम आने के लिए Uber कैब बुक करने वाली एक युवती ने ड्राइवर पर जबरन अधिक किराया वसूलने, सामान नहीं उतारने देने और उसे कैब में बंधक बनाने का आरोप लगाया है। युवती के मुताबिक, घर पहुंचने के बाद आरोपी ने उसके घर में जबरन घुसने की भी कोशिश की। युवती ने सोशल मीडिया पर अपना अनुभव साझा किया, जिसके बाद Uber ने ड्राइवर का अकाउंट ब्लॉक करने की जानकारी दी। वहीं, गुरुग्राम पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
625 रुपये दिखा किराया, ड्राइवर ने मांगे 1,479 रुपये
युवती ने सोशल मीडिया पर बताया कि उसने सुबह करीब 4:15 बजे दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 से गुरुग्राम आने के लिए Uber कैब बुक की थी। बुकिंग के दौरान उसे किराया 625 रुपये दिखाई दिया था।
युवती के अनुसार, करीब 20 मिनट का सफर पूरा करने के बाद जब वह गुरुग्राम पहुंची, तो कैब ड्राइवर ने उससे 1,479 रुपये की मांग की। युवती ने अतिरिक्त रकम देने से इनकार करते हुए कहा कि उसने Uber के माध्यम से कैब बुक की है और वह ऐप पर दिखाए गए किराये का ही भुगतान करेगी।
आरोप है कि इस पर ड्राइवर ने उसे दूसरी कैब सेवा Rapido के किराये का स्क्रीनशॉट दिखाया और अधिक पैसे देने के लिए दबाव बनाने लगा। युवती के इनकार करने पर वह कथित तौर पर उससे बहस करने लगा और अभद्र व्यवहार किया।
कैब लॉक कर सामान उतारने से रोका
युवती का आरोप है कि जब उसने कैब से अपना सामान उतारने की कोशिश की, तो ड्राइवर ने गाड़ी लॉक कर दी। इसके बाद उसे सामान निकालने नहीं दिया गया और काफी देर तक परेशान किया गया।
युवती के मुताबिक, ड्राइवर ने उसकी बाजू पकड़ी और उसे अगली सीट की खिड़की की तरफ धकेल दिया। आरोप है कि उसे कैब में बंधक जैसी स्थिति में रखा गया। आखिरकार, दबाव में आकर युवती को ड्राइवर की मांग के अनुसार पैसे देने पड़े।
घर में घुसने की कोशिश, गेट पीटता रहा ड्राइवर
युवती ने आरोप लगाया कि किसी तरह कैब से निकलने के बाद जब वह अपने घर के अंदर जाने लगी, तो ड्राइवर ने जबरन घर में घुसने की कोशिश की। उसने घर के अंदर जाकर गेट बंद कर लिया, लेकिन आरोपी बाहर से गेट पीटता रहा और अंदर प्रवेश करने का प्रयास करता रहा।
इस घटना के बाद युवती ने Uber ऐप के जरिए कंपनी के अधिकारियों से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसके मुताबिक संपर्क नहीं हो पाया। इसके बाद उसने सोशल मीडिया पर अपनी शिकायत साझा की, जहां मामला सामने आने के बाद कंपनी की ओर से प्रतिक्रिया दी गई।
Uber ने ड्राइवर का अकाउंट ब्लॉक किया, पुलिस जांच में जुटी
युवती की पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए Uber ने ड्राइवर का अकाउंट ब्लॉक करने की जानकारी दी। वहीं, मामले की जानकारी मिलने के बाद गुरुग्राम पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पुलिस युवती से संपर्क कर उसके बयान दर्ज करने की प्रक्रिया में जुटी है, ताकि शिकायत और लगाए गए आरोपों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा सके। फिलहाल, घटना के संबंध में युवती की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

