Gurugram Uber Driver News : गुरुग्राम। दिल्ली एयरपोर्ट से गुरुग्राम तक उबर कैब बुक करने वाली एक महिला से बिल से ज्यादा पैसे मांगने और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने चालक को गिरफ्तार किया है।

महिला की सोशल मीडिया पोस्ट सामने आने के बाद गुरुग्राम पुलिस ने मामले में स्वतः संज्ञान लिया और कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी को पकड़ लिया।

पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के दौरान एक्स (X) प्लेटफॉर्म पर महिला की पोस्ट सामने आई थी। इसके बाद पुलिस ने महिला से संपर्क करने का प्रयास किया और थाना पालम विहार में एफआईआर दर्ज की। तकनीकी सहायता से आरोपी की पहचान की गई।

मामले में थाना पालम विहार पुलिस और क्राइम ब्रांच सेक्टर-39 की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान यासिर (26), निवासी गांव घासेड़ा, जिला नूंह के रूप में हुई है।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी ने उबर प्लेटफॉर्म पर अपनी आईडी जमील जाहिद खान के नाम से बनाई थी। आरोप है कि दिल्ली एयरपोर्ट से

गुरुग्राम की यात्रा के दौरान उसने महिला से निर्धारित बिल से अधिक रकम मांगी। महिला ने जब अतिरिक्त पैसे देने से मना किया, तो चालक ने उसके साथ अभद्रता की और जान से मारने की धमकी दी।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पूछताछ के दौरान घटना में शामिल होना स्वीकार किया है। फिलहाल उससे आगे की पूछताछ की जा रही है।

गुरुग्राम पुलिस ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई की जाएगी और इस तरह की घटनाओं में शामिल लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m