गुरुग्राम। प्याज के भाव को लेकर शुरू हुआ विवाद एक सब्जी विक्रेता की मौत तक पहुंच गया। गुरुग्राम के कासन गांव में सब्जी बेचने के दौरान हुए झगड़े में 35 वर्षीय आत्माराम के साथ मारपीट किए जाने का आरोप है। घटना के बाद वह अस्पताल में प्राथमिक उपचार कराकर अपनी झुग्गी लौट गए थे। अगले दिन सुबह उनकी तबीयत का पता लगाने पहुंचे परिजन उन्हें अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

बाजार में हुआ था विवाद

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, आत्माराम मूल रूप से महेंद्रगढ़ जिले के दुलोठ अहीर गांव के रहने वाले थे। वह ट्रैक्टर पर घूम-घूमकर सब्जियां बेचते थे और फिलहाल जमालपुर गांव में रह रहे थे।

20 अक्टूबर की शाम वह अपनी पत्नी के साथ कासन गांव के बाजार में सब्जी बेचने पहुंचे थे। इसी दौरान प्याज के दाम को लेकर कुछ लोगों के साथ उनकी कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर उन लोगों ने आत्माराम के साथ मारपीट की, जिससे उन्हें चोटें आईं।

घटना के बाद आत्माराम अपनी पत्नी के साथ अस्पताल पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार कराने के बाद दोनों अपनी झुग्गी लौट आए। रात में खाना खाने के बाद आत्माराम सो गए।

सुबह उठाने पहुंचे परिजन, अस्पताल में हुई मौत

बुधवार सुबह आत्माराम काफी देर तक नहीं उठे तो परिजनों ने उन्हें जगाने की कोशिश की। कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर परिवार के लोग उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे। जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलने पर जमालपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार के अनुसार, मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद चलेगा। मामले में आरोपियों की पहचान और घटना से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है।

खांडसा मंडी के पास भी मिला युवक का शव

गुरुग्राम में एक अन्य घटना में सेक्टर-37 थाना क्षेत्र के अंतर्गत खांडसा सब्जी मंडी के पास 30 वर्षीय पंकज का शव मिला। वह मूल रूप से बिहार का रहने वाला था और खांडसा में रहकर दिहाड़ी मजदूरी करता था।

पुलिस के मुताबिक, मृतक की बहन ने बताया कि पंकज शराब पीने का आदी था। परिजनों की ओर से किसी आपराधिक घटना को लेकर शिकायत नहीं दी गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद बुधवार को शव परिजनों को सौंप दिया।