कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। ग्वालियर में 1000 बिस्तर अस्पताल के सामने बीच सड़क पर हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मी और एक युवक के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ और देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया। बीच सड़क पर काफी देर तक हाथापाई और धक्का-मुक्की होती रही। मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और किसी राहगीर ने पूरा घटनाक्रम कैमरे में कैद कर लिया। अब यही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

दरअसल तस्वीरें ग्वालियर के कंपू थाना क्षेत्र स्थित 1000 बिस्तर अस्पताल के सामने की हैं। जहां ड्यूटी पर तैनात एक ट्रैफिक पुलिसकर्मी और युवक के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहसबाजी शुरू हुई। बहस बढ़ी तो दोनों के बीच धक्का-मुक्की और हाथापाई शुरू हो गई।बीच सड़क पर काफी देर तक चले इस हंगामे को देखने के लिए लोगों की भीड़ भी जमा हो गई। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में ट्रैफिक पुलिसकर्मी और युवक एक-दूसरे से हाथापाई करते और धक्का-मुक्की करते नजर आ रहे हैं। हालांकि दोनों के बीच विवाद की असल वजह क्या थी, इसका अभी स्पष्ट खुलासा नहीं हुआ है।

वीडियो सामने आने के बाद कंपू थाना पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है।पुलिस वायरल वीडियो और घटनाक्रम के आधार पर पूरे मामले की पड़ताल कर रही है। जांच के बाद जो तथ्य सामने आएंगे,उसके आधार पर वैधानिक कार्रवाई की बात कही जा रही है।फिलहाल सवाल यही है कि ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मी और युवक के बीच आखिर विवाद किस बात पर हुआ?,पुलिस की जांच के बाद ही इसकी तस्वीर साफ होगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m