कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में कर्ज और कार की किस्तों से परेशान एक युवक ने ऐसा खेल रचा, जिसे जानकर आप भी हैरान रह जाएंगे। युवक ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर अपनी ही कार चोरी की झूठी कहानी गढ़ी, ताकि पुलिस में FIR दर्ज कराकर बीमा कंपनी से क्लेम हासिल किया जा सके। लेकिन पुलिस की जांच, CCTV फुटेज और कॉल डिटेल्स ने पूरे फर्जीवाड़े का पर्दाफाश कर दिया। अब तीन आरोपी सलाखों के पीछे हैं, जबकि एक फरार चल रहा है।

दरअसल, यह मामला ग्वालियर के अवाड़पुरा इलाके का है। जहां रहने वाले अनिल सिंह कुशवाह ने कुछ समय पहले फाइनेंस पर कार खरीदी थी। लेकिन आर्थिक तंगी के चलते वह कार की किस्तें नहीं भर पा रहा था। उस पर करीब तीन लाख रुपए का कर्ज भी हो चुका था। बैंक के नोटिस और फाइनेंस कंपनी के दबाव से परेशान होकर उसने अपने दोस्तों के साथ मिलकर एक खतरनाक साजिश रच डाली। जिसके तहत अनिल ने अपनी कार भीड़भाड़ वाले बाजार में खड़ी की और जानबूझकर उसकी चाबी अपने साथियों को सौंप दी।

ये भी पढ़ें: छतरपुर में फिर हुआ पुलिस टीम पर हमला: केन बेतवा लिंक परियोजना का काम ठप, 150 लोगों पर केस दर्ज-21 गिरफ्तार

इसके बाद वह सीधे कोतवाली थाने पहुंचा और कार चोरी होने की शिकायत दर्ज करा दी। मकसद साफ था, पुलिस में FIR दर्ज हो जाए और फिर बीमा कंपनी से मोटा क्लेम हासिल कर लिया जाए। FIR दर्ज होते ही पुलिस जांच में जुट गई। घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई, लेकिन फुटेज में कोई संदिग्ध कार चुराते नजर नहीं आया। यहीं से पुलिस को कहानी पर शक हुआ।

ये भी पढ़ें: MP में इस जानलेवा बीमारी की दस्तक: 22 साल का युवक संक्रमित, लीवर और किडनी तक हो सकती है फेल

इसके बाद पुलिस ने अनिल और उसके दोस्तों की कॉल डिटेल निकलवाई। कॉल रिकॉर्ड ने पूरे खेल की पोल खोल दी। पता चला कि कथित चोरी से पहले और बाद में अनिल लगातार अपने दोस्त संदीप गुर्जर और अन्य साथियों के संपर्क में था। पुलिस ने जब सख्ती से पूछताछ की तो अनिल टूट गया और उसने पूरा सच कबूल कर लिया। पुलिस ने अनिल सिंह कुशवाह, संदीप गुर्जर और रामअवतार को गिरफ्तार कर लिया है।

वहीं संदीप रावत अभी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। आरोपियों के कब्जे से छिपाकर रखी गई कार भी बरामद कर ली गई है। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, आपराधिक साजिश और झूठी सूचना देने जैसी धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। साथ ही पुलिस ने बीमा कंपनी को भी इस फर्जीवाड़े की जानकारी दे दी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m