कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। ग्वालियर पुलिस की कार्रवाई पर सवाल खड़े हुए हैं। कैंप थाना पुलिस मारपीट के मामले में फरार चल रहे आदतन बदमाश विशाल खरे को पकड़ने पहुंची थी। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तारी से बचने के लिए विशाल दूसरी मंजिल से कूद गया, जिससे उसके हाथ-पैर टूट गए। लेकिन घायल विशाल का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने उसे धक्का दिया, जिसके कारण वह नीचे गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद विशाल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां पुलिस सुरक्षा भी तैनात है। वहीं परिजन भी पुलिस पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं। पूरे मामले में पुलिस अपने ऊपर लगे आरोपों से इनकार कर रही है।
दरअसल, घटना कंपू थाना क्षेत्र के गुढ़ा-गुढ़ी का नाका स्थित सरकारी मल्टी की है। पुलिस के मुताबिक, मारपीट के मामले में फरार चल रहे विशाल खरे पर 11 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं और उसके खिलाफ दो गिरफ्तारी वारंट भी जारी थे। पुलिस टीम जब उसे पकड़ने पहुंची तो वह पीछे की ओर भागा और पाइप के सहारे उतरने की कोशिश की। पुलिस का कहना है कि संतुलन बिगड़ने से वह दूसरी मंजिल से नीचे गिर गया, जिससे उसके हाथ-पैर सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
ये भी पढ़ें: बंद ईंट भट्ठे पर खूनी खेल: छत्तीसगढ़ के बुजुर्ग चौकीदार का ग्वालियर में कत्ल, जांच में जुटी पुलिस
वहीं घायल विशाल का आरोप है कि वह खुद नहीं कूदा, बल्कि पुलिसकर्मियों ने उसे धक्का दिया, जिससे वह नीचे गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। विशाल की पत्नी मुस्कान और मां सुनीता ने भी पुलिस पर मारपीट और धक्का देने के आरोप लगाए हैं उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। इधर पुलिस ने आरोपों को सिरे से खारिज किया है। एएसपी जयराज कुबेर का कहना है कि पुलिस टीम सिर्फ वारंट तामील कराने गई थी। पुलिस को देखकर विशाल भागने लगा और पाइप के सहारे उतरने के दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया, जिससे वह नीचे गिरा।
ये भी पढ़ें: डॉक्टर की लापरवाही से मासूम की मौत! धरने पर बैठा परिवार, डिप्टी कलेक्टर से बोले- ‘आपसे नहीं बनेगी बात…’
पुलिस का कहना है कि धक्का देने के आरोप निराधार हैं और घायल का इलाज कराया जा रहा है। फिलहाल इस मामले में पुलिस और घायल आरोपी के बयान एक-दूसरे से बिल्कुल अलग हैं। एक तरफ पुलिस इसे गिरफ्तारी से बचने की कोशिश में हुआ हादसा बता रही है, तो दूसरी ओर घायल और उसके परिजन पुलिस पर धक्का देकर गिराने का आरोप लगा रहे हैं। ऐसे में पूरे मामले की सच्चाई जांच के बाद ही सामने आएगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

