कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। ग्वालियर में निर्माणाधीन सांदीपनि पद्मा कन्या विद्यालय की छत ढहने के मामले में सरकार ने सख्त कार्रवाई की है। निर्माण कार्य की निगरानी में लापरवाही सामने आने पर सहायक यंत्री और उपयंत्री को निलंबित कर दिया गया है, जबकि परियोजना यंत्री को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। सीएम राइज योजना के तहत बन रहे विद्यालय में स्लैब कास्टिंग के दौरान छत ढह गई थी, जिसमें चार मजदूर घायल हुए थे।
दरअसल, ग्वालियर के पद्माराजे स्कूल परिसर में निर्माणाधीन सांदीपनि पद्मा कन्या विद्यालय की छत गिरने की घटना को राज्य शासन ने गंभीरता से लिया है। मामले की जांच के लिए भोपाल से आए दल ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में निर्माण कार्य के पर्यवेक्षण की जिम्मेदारी संभाल रहे अधिकारियों की उदासीनता सामने आई है। इसके बाद पुलिस आवास एवं अधोसंरचना विकास निगम के सहायक यंत्री राजदीप सिंह जादौन और उपयंत्री सतेन्द्र पाण्डेय को निलंबित कर दिया गया है।
ये भी पढ़ें: 30 साल टिकने का दावा, 18 दिन भी नहीं टिका पिलर: निर्माणाधीन सीएम राइज स्कूल की छत गिरी, 4 मजदूर घायल
वहीं परियोजना यंत्री यानी कार्यपालन यंत्री मनोज आचार्य के खिलाफ कार्रवाई के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। निगम के प्रबंध संचालक अनंत कुमार सिंह ने इस संबंध में अलग-अलग आदेश जारी किए हैं। गौरतलब है कि बीते सोमवार को स्लैब कास्टिंग के दौरान निर्माणाधीन विद्यालय की छत ढह गई थी। हादसे में चार मजदूर घायल हुए थे। घटना के बाद निर्माण की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हुए थे। अब अधिकारियों पर हुई कार्रवाई के बाद निगाहें जांच के निष्कर्षों पर हैं, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि निर्माण के दौरान कहां और किस स्तर पर लापरवाही हुई।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

