कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। एमपी के ग्वालियर शहर के सराफा बाजार में ज्वेलर्स को चूना लगाने वाले गैंग का कोतवाली पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने एक भाई और तीन बहनों समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो दुकान पर ग्राहक बनकर जाते थे और मौका पाकर सोने के गहने पार कर देते थे।

दरअसल, पुलिस के मुताबिक पकड़े गए आरोपियों के नाम अंकित, रेखा धानुक, हेमा और रानी हैं। इसमें रेखा मुख्य आरोपी है और अंकित उसका सगा भाई है। पुलिस ने इनके पास से दिव्यांश ज्वेलर्स से चोरी हुए सोने के टॉप्स बरामद कर लिए हैं। गैंग का तरीका ऐसा था कि शक ही न हो। दो महिलाएं दुकान में घुसकर टॉप्स दिखाने को बोलतीं और दुकानदार का ध्यान भटकते ही 2 से 3 ग्राम के टॉप्स हथेली में छिपा लेतीं। 

दुकान से बाहर निकलते ही बाहर खड़े बाइक सवार साथी को गहने थमा देतीं और खुद बाजार की दूसरी गली से निकल जातीं, ताकि कोई पीछा न कर सके। 12 दिन पहले दिव्यांश ज्वेलर्स की दुकान से टॉप्स चोरी की शिकायत आई थी। इसके बाद पुलिस ने सराफा बाजार के CCTV कैमरों की फुटेज देखी, जिसमें दो महिलाओं की संदिग्ध हरकत और उनकी बाइक कैद हो गई। बाइक नंबर के आधार पर पुलिस पुरानी छावनी की कृष्णनगर पहाड़ी पर पहुंची और चारों को दबोच लिया। 

पूछताछ में सामने आया कि सभी मूल रूप से फूलबाग के रहने वाले हैं।पुलिस की पूछताछ में एक और चोरी का खुलासा हुआ है। 9 जनवरी को प्रभुदयाल ज्वेलर्स से सोने की चेन चोरी हुई थी, जिसमें इनकी साथी राधा धानुक का नाम सामने आया है। पुलिस अब पता लगा रही है कि गैंग ने अब तक कितनी वारदातें की हैं और चोरी का माल कहां खपाया जाता था।

नशे में धुत युवक का अस्पताल में बवाल

ग्वालियर के कंपू थाना क्षेत्र में नवीन 1000 बिस्तर अस्पताल के सामने बुधवार को नशे में धुत एक युवक ने जमकर हंगामा किया। ई-रिक्शा के किराए को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि बीच-बचाव करने पहुंचे यातायात सिपाही से ही युवक उलझ पड़ा। सिपाही के साथ गाली-गलौज और हाथापाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने सिपाही की शिकायत पर युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। अब उसका हाथ जोड़कर माफी मांगते हुए दूसरा वीडियो भी सामने आया है।

जानकारी के मुताबिक जवाहर कॉलोनी निवासी होरिल उर्फ हरेंद्र चौहान ई-रिक्शा से कंपू आया था। यहां किराए को लेकर उसका चालक से विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर चालक ने पास में ड्यूटी कर रहे यातायात सिपाही सतीश खरे से शिकायत की। शिकायत मिलते ही सिपाही मौके पर पहुंचे और विवाद सुलझाने की कोशिश की, लेकिन युवक उनसे ही अभद्रता करने लगा। देखते ही देखते कहासुनी हाथापाई तक पहुंच गई। चौराहे पर हंगामा होते देख लोगों की भीड़ जमा हो गई। इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में वायरल हो गया। 

यातायात थाना टीआई अखिल नागर के मुताबिक युवक ने काफी शराब पी रखी थी। नशे की हालत ऐसी थी कि वह ठीक से खड़ा भी नहीं हो पा रहा था। घटना के बाद होरिल का एक दूसरा वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह हाथ जोड़कर माफी मांगता नजर आ रहा है। पुलिस के अनुसार युवक पहले भी कंपू पुलिस के साथ विवाद कर चुका है कई आपराधिक मामले भी आरोपी पर दर्ज है।

यातायात सिपाही सतीश खरे की शिकायत पर कंपू थाना पुलिस ने होरिल उर्फ हरेंद्र चौहान के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

घर की दीवार पर टॉयलेट को लेकर मारपीट

ग्वालियर के मुरार में एक प्राइवेट हॉस्पिटल में मरीज के अटेंडर द्वारा पड़ोसी के घर की दीवार पर टॉयलेट करने की बात को लेकर बड़ा बवाल हो गया पड़ोसी और उसके परिजनों ने हॉस्पिटल में घुसकर डॉक्टर और स्टाफ के साथ जमकर मारपीट कर दी और गेट का शीशा तोड़ दिया। पूरी घटना हॉस्पिटल में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने डॉक्टर की शिकायत पर चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

दरअसल पंचशील नगर निवासी डॉ. हिरदेश जाटव श्री साईं मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल के संचालक हैं। उन्होंने मुरार थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है,डॉ.जाटव ने बताया कि रात में वह और विनोद शर्मा हॉस्पिटल पर मौजूद थे। इसी दौरान उनके हॉस्पिटल में भर्ती एक मरीज का अटेंडर पड़ोस में रहने वाले दीपक किरार के मकान की दीवार पर टॉयलेट करके आ गया। इसी बात को लेकर दीपक किरार, बंटी किरार, कालू किरार और अन्नू किरार हॉस्पिटल के बाहर पहुंच गए और स्टाफ को मां-बहन की गंदी-गंदी गालियां देने लगे। 

आरोपियों ने हॉस्पिटल के मेन गेट का शीशा भी तोड़ दिया और झगड़ा करते हुए अंदर घुस आए। जब डॉक्टर और स्टाफ के द्वारा उन्होंने चारों को गालियां देने से रोका तो आरोपी उन्हें भी जातिगत गालियां देने लगे। जब स्टाफ ने विरोध किया तो चारों ने मिलकर स्टाफ के साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट में स्टाफ के सुनील कुशवाह के सिर के पीछे, विवेक अहिरवार के बाएं हाथ की कलाई और पीठ में, अभिषेक चौरसिया के बाएं कान के पीछे सिर में और करन बाल्मीक की कमर में गंभीर चोटें आई हैं। 

वारदात के समय मौके पर मौजूद ललित मोहन शुक्ला, सागर राजावत और आसपास के अन्य लोगों ने बीच-बचाव कराया। पूरी मारपीट की घटना हॉस्पिटल के सीसीटीवी में कैद हो गई है। ASP जयराज कुबेर ने बताया कि डॉ.हिरदेश जाटव की शिकायत पर दीपक किरार, बंटी किरार, कालू किरार और अन्नू किरार के खिलाफ गाली-गलौज, मारपीट, तोड़फोड़ और एससी-एसटी एक्ट सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है। 

पानी के छींटे पड़ने पर रिटायर्ड फौजी ने की पड़ोसी दंपति की पिटाई

ग्वालियर में पानी के छींटे पड़ने को लेकर हुए विवाद में एक रिटायर्ड फौजी ने पड़ोसी दंपती के साथ मारपीट कर दी। इसके बाद आरोपी ने अपनी लाइसेंसी राइफल से पड़ोसी के घर पर 3-4 गोलियां चला दीं। पूरी घटना पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। राहत की बात यह रही कि फायरिंग में कोई घायल नहीं हुआ। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर राइफल जब्त कर ली है।

दरअसल, ग्वालियर के गोले का मंदिर थाना क्षेत्र के पिंटो पार्क स्थित प्रीतम विहार कॉलोनी में देवेश सिंह तोमर अपने परिवार के साथ रहते हैं। गुरुवार रात पड़ोस में रहने वाले सेवानिवृत्त फौजी पूरन सिंह राजावत अपने प्लॉट की दीवार पर पानी डाल रहे थे। इसी दौरान देवेश की बेटी सृष्टि वहां से गुजरी तो पानी के छींटे उस पर पड़ गए, जिससे उसके कपड़े गीले हो गए।

इस बात को लेकर देवेश सिंह तोमर अपनी पत्नी के साथ पूरन सिंह के पास पहुंचे। उन्होंने पानी डालते समय सावधानी बरतने और देखकर पानी डालने की बात कही। आरोप है कि इस पर पूरन सिंह गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर उसने देवेश और उनकी पत्नी के साथ मारपीट की। विवाद बढ़ने के बाद पूरन सिंह अपने घर गया और लाइसेंसी राइफल लेकर आया। 

आरोप है कि उसने देवेश के घर को निशाना बनाकर 3-4 गोलियां चला दीं। गोली चलने की आवाज सुनकर इलाके में हड़कंप मच गया। देवेश ने घर के अंदर जाकर अपनी जान बचाई और पुलिस को सूचना दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और मामले की जांच शुरू की। 

CSP संदीप बांगरे के अनुसार, फायरिंग की घटना पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने फायरिंग करने वाले सेवानिवृत्त फौजी पूरन सिंह राजावत को हिरासत में लिया है। उसकी लाइसेंसी राइफल भी जब्त कर ली गई है। मामले में आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m