सतीश दुबे, डबरा (ग्वालियर)। मध्य प्रदेश के डबरा में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा। महिलाओं के मोर्चा संभालते ही प्रशासन हरकत में आया। इसके बाद पुलिस ने आनन-फानन में कार्रवाई करते हुए एक घर के अंदर अवैध शराब बेच रहे पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया। यह पूरा मामला पिछोर थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, पिछोर कस्बे के वार्ड क्रमांक-9 में एक घर के अंदर अवैध रूप से धड़ल्ले से शराब बेची जा रही थी। इससे परेशान होकर बड़ी संख्या में मोहल्ले की महिलाएं, पुरुष और पार्षद पति खांडेराव कदम सीधे एसडीएम नवकिरण कौर के पास पहुंचे। SDM को लिखित में शिकायत देते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की। महिलाओं का आरोप है कि रातभर अवैध रूप से शराब बेची जाती है। लोग शराब पीने के बाद अभद्र भाषा और गाली गलौज करते हैं, जिससे क्षेत्र का माहौल खराब हो रहा है।
पुलिस ने ‘इज्जत बचाने’ के लिए की त्वरित कार्रवाई
पुलिस को जैसे ही एसडीएम तक मामला पहुंचने की भनक लगी तो महकमे में हड़कंप मच गया और अपनी इज्जत बचाने के लिए त्वरति कार्रवाई की। पुलिस ने मौके पर दबिश देकर अवैध शराब बेच रहे पिता मदन छीरौलिया और उसके बेटे रोहित छीरौलिया को रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
वीडियो आया सामने
इस कार्रवाई का करीब 3 मिनट का एक वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें देखा जा सकता है कि कार्रवाई की शुरुआत में घर के दरवाजे पर पुलिसकर्मी खड़े दिखाई दे रहे है और आरोपी पिता-पुत्र बड़े ही आराम से मोबाइल चलाते नजर आ रहे है। जैसे ही थाना प्रभारी शिवम राजावत मौके पर पहुंचे, तब जाकर शराब की पेटी के साथ दोनों आरोपियों को थाने ले जाया गया। लेकिन सवाल यह है कि क्या पुलिस को घर के अंदर लंबे समय से शराब बेचे जाने की जानकारी नहीं थी? या फिर मिलीभगत से अवैध शराब का गोरखधंधा चल रहा था?

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

