कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में खाकी को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। हजीरा थाना क्षेत्र में पदस्थ एक महिला आरक्षक की शिकायत पर मध्य प्रदेश पुलिस के ही एक आरक्षक राकेश रायकवार के खिलाफ दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग का मामला दर्ज किया गया है। आरोपी आरक्षक वर्तमान में उज्जैन जिले के बड़नगर थाने में पदस्थ है। पीड़ित महिला का आरोप है कि आरोपी ने खुद को तलाकशुदा बताकर शादी का झांसा दिया और करीब 5 साल तक उसका शारीरिक शोषण किया।
ये भी पढ़ें: आधी रात को पत्नी को साथ ले जाने की सनक: मना करने पर जीजा ने कट्टे से चलाई गोली, दोस्तों ने घर पर बोला पत्थरों से धावा; पुलिस ने 3 को दबोचा
पति के निधन के बाद मिली थी अनुकंपा नियुक्ति, ट्रेनिंग के दौरान हुई दोस्ती
पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक, पीड़ित महिला आरक्षक के पति भी मध्य प्रदेश पुलिस में आरक्षक थे, जिनका फरवरी 2020 में निधन हो गया था। इसके बाद महिला को अनुकंपा नियुक्ति मिली और उसने दिसंबर 2020 में गुना जिले में पदभार ग्रहण किया। फरवरी से दिसंबर 2021 के बीच जब महिला आरक्षक इंदौर के पीटीसी मूसाखेड़ी में ट्रेनिंग ले रही थी, तभी उसकी मुलाकात वहां प्रशिक्षण ले रहे आरक्षक राकेश रायकवार से हुई।
खुद को बताया तलाकशुदा, होटल ले जाकर बनाए संबंध
महिला ने अपनी पारिवारिक स्थिति और दो बच्चों के बारे में आरोपी को बताया था। आरोपी राकेश ने खुद को तलाकशुदा बताते हुए उससे शादी करने का वादा किया। आरोप है कि 21 नवंबर 2021 को राकेश विभागीय काम और शादी की बात करने के बहाने उसे इंदौर के एक होटल में ले गया, जहां पहली बार शादी का भरोसा देकर शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद जब महिला का ट्रांसफर ग्वालियर हो गया, तो आरोपी 2022 से लगातार उसके सरकारी क्वार्टर पर आकर शादी का झांसा देकर शोषण करता रहा।
तलाक के पेपर मांगा तो दिया अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी
मामले का खुलासा तब हुआ जब 15 जून 2026 को महिला आरक्षक ने राकेश से उसके तलाक के दस्तावेज दिखाने और शादी करने का दबाव बनाया। इस पर आरोपी ने शादी करने से साफ इंकार कर दिया। जब महिला ने इसका विरोध किया, तो आरोपी ने उसके अश्लील फोटो और वीडियो सोशल मीडिया, रिश्तेदारों और पुलिस विभाग में वायरल कर बदनाम करने की धमकी दी।
ये भी पढ़ें: दुकान नामांतरण के नाम पर घूसखोरी! EOW ने मंदिर में 2 हजार की रिश्वत लेते पटवारी को रंगे हाथों दबोचा
BNS की संगीन धाराओं में केस दर्ज
पीड़िता की शिकायत पर हजीरा थाना पुलिस ने आरोपी आरक्षक राकेश रायकवार के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69, 296(बी) और 351(3) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े सभी तथ्यों, दस्तावेजों और साक्ष्यों की गहनता से जांच की जा रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

