कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर के हस्तिनापुर क्षेत्र में आधी रात को पत्नी को मायके से ले जाने की जिद साले के लिए जानलेवा साबित हो गई। मना करने पर गुस्साए जीजा ने कट्टे से फायरिंग कर दी, जबकि उसके साथ आए दो दोस्तो ने घर पर पथराव कर दिया। घटना से पूरे गांव में दहशत फैल गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

READ MORE: दुकान नामांतरण के नाम पर घूसखोरी! EOW ने मंदिर में 2 हजार की रिश्वत लेते पटवारी को रंगे हाथों दबोचा

दअरसल घटना हस्तिनापुर थाना क्षेत्र के चपरोली गांव की है, जहां वीरू राणा ने पुलिस को सूचना दी कि उसका जीजा अनिल राणा अपने साथियों दिलीप और दीपक के साथ घर आया था। अनिल अपनी पत्नी भूरीबाई को रात में ही साथ ले जाने की जिद कर रहा था। भूरीबाई ने आधी रात को जाने से साफ मना कर दिया। वीरू और परिवार के अन्य सदस्यों ने भी समझाया कि सुबह ले जाना। लेकिन अनिल नहीं माना। पत्नी को साथ न भेजने पर वह गुस्से में आ गया और गाली-गलौज करने लगा। विवाद बढ़ने पर अनिल ने कमर से कट्टा निकालकर गोलियां चला दीं। इसी दौरान उसके साथ आए दोस्त दिलीप और दीपक ने घर पर पथराव शुरू कर दिया। अचानक हुई फायरिंग और पत्थरबाजी से परिवार में अफरा-तफरी मच गई। जान बचाने के लिए सभी घर के अंदर छिप गए। गोली की आवाज और शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। लोगों की भीड़ बढ़ती देख तीनों आरोपी धमकी देते हुए भाग निकले। जाते-जाते उन्होंने वीरू और उसके परिवार को धमकाया कि अगर पुलिस से शिकायत की तो जान से खत्म कर देंगे। 

READ MORE: मजदूर पर युवती ने लगाया दुष्कर्म का आरोप: शादी का झांसा देकर बनाए संबंध, जांच में जुटी पुलिस

गांव में गोली चलने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। इसके बाद वीरू अपने भाई छोटू राणा के साथ थाने पहुंचा और पूरी घटना की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की और कुछ ही घंटों में पति अनिल राणा, दोस्त दीपक और दिलीप को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब घटना में इस्तेमाल कट्टे और कारतूस के बारे में पूछताछ कर रही है। पुलिस ने बताया कि आरोपी नशे में होने की भी आशंका है। तीनो का मेडिकल कराया है। फायरिंग में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है,लेकिन घर को नुकसान पहुंचा है। आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं में कार्रवाई की गई है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m