कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। मध्य प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता नरोत्तम मिश्रा ग्वालियर में एक अजीब वाकये का शिकार हो गए। शहर के जयेन्द्रगंज स्थित एक कॉम्प्लेक्स में बने कोचिंग सेंटर के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे नरोत्तम मिश्रा अचानक लिफ्ट में फंस गए।
जानकारी के मुताबिक, जब वे लिफ्ट से ऊपर जा रहे थे, तभी फ्लोर के बीच में लिफ्ट तकनीकी खराबी के कारण अचानक बंद हो गई। लिफ्ट के अचानक रुकने से कुछ देर के लिए मौके पर हड़कंप मच गया और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही आनन-फानन में टेक्निकल एक्सपर्ट्स को बुलाया गया। काफी मशक्कत के बाद लिफ्ट का दरवाजा खोला गया और पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा को सुरक्षित बाहर निकाला गया। गनीमत यह रही कि इस दौरान उन्हें किसी प्रकार की चोट नहीं आई और वे पूरी तरह सुरक्षित रहे। लिफ्ट से बाहर आने के बाद, पूर्व गृह मंत्री ने बिना अपना उत्साह खोए निर्धारित कार्यक्रम में हिस्सा लिया और कोचिंग सेंटर के उद्घाटन समारोह में शामिल हुए।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

