कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। बिजौली थाने में पदस्थ प्रधान आरक्षक पूरन सिकरवार को देर रात बिस्तर में छिपे कॉमन करैत सांप ने डस लिया। जहरीले सांप के दो बार डसने से उनकी हालत बिगड़ गई। पुलिस स्टाफ की सूझबूझ और समय पर AI यानी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से मिली प्राथमिक सलाह की मदद से उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। अब उनकी हालत में सुधार बताया जा रहा है।
दरअसल, घटना बिजौली थाना परिसर स्थित सरकारी क्वार्टर की है। प्रधान आरक्षक पूरन सिकरवार अपने बिस्तर पर सो रहे थे। इसी दौरान बिस्तर में दुबके कॉमन करैत सांप ने उनके हाथ में दो जगह डस लिया। काटने का अहसास होते ही पूरन सिकरवार ने मदद के लिए शोर मचाया। शोर सुनकर थाना प्रभारी सौरभ श्रीवास्तव समेत थाने पर मौजूद स्टाफ तुरंत क्वार्टर पर पहुंचा। मौके पर सांप को देखकर थाना प्रभारी ने उसकी फोटो खींची और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से प्राथमिक उपचार और जरूरी सावधानियों की जानकारी ली।
AI से मिली प्राथमिक सलाह के अनुसार जरूरी सावधानियां बरतते हुए पुलिस स्टाफ ने बिना देर किए प्रधान आरक्षक को जयारोग्य अस्पताल यानी JAH पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों को सांप की फोटो दिखाई गई, जिसके आधार पर डॉक्टरों ने कॉमन करैत के काटने के अनुसार तत्काल इलाज शुरू किया। सूचना मिलते ही SSP धर्मवीर सिंह यादव भी अस्पताल पहुंचे और प्रधान आरक्षक के इलाज की जानकारी ली।
प्राथमिक उपचार के बाद पूरन सिकरवार को बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों ने पुलिस को बताया कि अब उनकी हालत स्थिर है और लगातार सुधार हो रहा है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बरसात के मौसम में सांप अक्सर सरकारी आवासों और अंधेरी जगहों में घुस जाते हैं। ऐसे में बिस्तर और सामान को अच्छी तरह झाड़कर ही इस्तेमाल करना चाहिए। फिलहाल पूरन सिकरवार खतरे से बाहर हैं। पुलिस स्टाफ की त्वरित कार्रवाई और AI से मिली प्राथमिक जानकारी की मदद से एक बड़ी दुर्घटना टल गई।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


