कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। ग्वालियर में ढाई महीने पुरानी शादी अब “नीले ड्रम” की धमकी तक पहुंच गई है। एक नवविवाहित पति ने अपनी पत्नी पर 5 लाख रुपये की मांग करने और रकम नहीं देने पर उसे “नीले ड्रम में पैक” कर जान से मारने की धमकी देने का सनसनीखेज आरोप लगाया है। पीड़ित ने धमकी से जुड़े वीडियो, चैट और अन्य डिजिटल सबूत पुलिस को सौंप दिए हैं। अब पत्नी का फोन बंद है, लेकिन वह सोशल मीडिया पर एक्टिव बताई जा रही है। ऐसे में पुलिस उसकी इंस्टाग्राम आईडी की लोकेशन ट्रेस कर तलाश में जुटी है।
दरअसल, मामला ग्वालियर के बिजौली थाना क्षेत्र के मुगलपुरा गांव का है। जहां रहने वाले राहुल मौर्य ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। राहुल के मुताबिक, उसकी शादी इसी साल 14 अप्रैल को शिवपुरी निवासी राखी से हुई थी। शादी के कुछ दिन तक सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन 23 मई को पत्नी मायके चली गई और उसके बाद वापस नहीं लौटी। राहुल का आरोप है कि अब उसकी पत्नी उससे 5 लाख रुपये की मांग कर रही है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि पैसे नहीं देने पर उसे “नीले ड्रम में पैक कर देने” और जान से मारने की धमकी दी जा रही है। इस धमकी से डरा-सहमा राहुल पुलिस की शरण में पहुंचा है।
ये भी पढ़ें: मंत्री राकेश सिंह की गाड़ी के आगे आई महिला, आत्मदाह की दी चेतावनी, 8 महीने से मानदेय न मिलने पर थी परेशान
राहुल ने पुलिस को पत्नी द्वारा भेजे गए वीडियो, चैट और अन्य डिजिटल सबूत भी सौंपे हैं। उसका आरोप है कि उसकी पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति से अवैध संबंध हैं और उसी के इशारे पर उसे ब्लैकमेल किया जा रहा है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने महिला से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन वह अपने ठिकाने पर नहीं मिली। उसका मोबाइल फोन बंद है और लोकेशन भी ऑफ बताई जा रही है।
ये भी पढ़ें: Bhopal Double Murder Case में SIT गठित, शूटरों के जरिए हत्या की आशंका, जानिए किन एंगल से होगी जांच?
हालांकि पुलिस के मुताबिक महिला इंस्टाग्राम पर एक्टिव है। ऐसे में अब उसकी इंस्टाग्राम आईडी की लोकेशन ट्रेस की जा रही है। लोकेशन मिलने के बाद पुलिस टीम भेजकर उसे पूछताछ के लिए हिरासत में लेगी। सीएसपी मनीष यादव का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही धमकी और कथित वसूली से जुड़े आरोपों की भी गंभीरता से जांच की जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

