कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। मध्य प्रदेश के कैबिनेट मंत्री प्रहलाद पटेल ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा जुबानी हमला बोला है। ग्वालियर पहुंचे मंत्री पटेल ने राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ अभियान और संविधान के मुद्दे पर घेरा। उन्होंने दो टूक कहा कि जिन लोगों ने देश में संविधान को ध्वस्त करने का काम किया, आज वही लोग हाथ में संविधान की कॉपी लेकर घूम रहे हैं। देश का युवा बेहद समझदार है और वह इनकी सच्चाई अच्छी तरह जानता है।
ये भी पढ़ें: कांग्रेस का ‘छात्रों की गूंज’ अभियान: ग्वालियर पहुंचे सांसद पप्पू यादव, बोले- ‘शिक्षा मंत्री के इस्तीफे तक जारी रहेगा आंदोलन’
‘नीट’ परीक्षा पर बोले- केंद्रीय मंत्री रख चुके हैं बात, नतीजों का इंतजार करें
राहुल गांधी द्वारा छात्रों को जोड़ने के लिए शुरू किए गए ‘छात्रों की गूंज’ कैंपेन और कांग्रेस के छात्र राजनीति कार्ड पर पलटवार करते हुए प्रहलाद पटेल ने कहा कि कांग्रेस खुद को छात्रों की आवाज बता रही है लेकिन सच्चाई क्या है, यह सबको पता है। नीट (NEET) परीक्षा विवाद को लेकर उन्होंने कहा कि हमारे केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने सभी चैनलों पर आकर सरकार का पक्ष और पूरी बात स्पष्टता से रख दी है। नीट की परीक्षा सफलतापूर्वक संपन्न हुई है और अब सभी को इसके परिणामों का इंतजार करना चाहिए।
इमरजेंसी के बिना देश का इतिहास अधूरा, पाठ्यक्रम में शामिल होना जरूरी
स्कूली पाठ्यक्रम में ‘आपातकाल’ के अध्याय को शामिल किए जाने की कवायद का पुरजोर समर्थन करते हुए मंत्री प्रहलाद पटेल ने कहा कि इमरजेंसी को पढ़ाए बिना भारत का इतिहास कभी पूरा नहीं हो सकता। उन्होंने जोर देकर कहा कि देश की आने वाली पीढ़ियों को स्वतंत्रता का इतिहास तो पढ़ाया ही जाए लेकिन साथ ही लोकतंत्र को बचाने का इतिहास भी पढ़ाया जाए। यह देश के भविष्य के लिए बहुत जरूरी है।
ये भी पढ़ें: ‘ट्रैक्टर शो’ या सियासी घमासान? 300 ट्रैक्टरों का हुड़दंग, नाबालिगों के हाथ में स्टेयरिंग और सड़कों पर मचा कोहराम
‘आपातकाल एक काला अध्याय’ कार्यक्रम में हुए शामिल
आपको बता दें कि कैबिनेट मंत्री प्रहलाद पटेल ग्वालियर के राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय स्थित सभागार में आयोजित ‘आपातकाल एक काला अध्याय’ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने मंच से आपातकाल के दौर की विभीषिकाओं और उस काले अध्याय के बारे में अपने विचार विस्तार से व्यक्त किए।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

