कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में उस समय पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया, जब पुरानी छावनी थाना क्षेत्र से एक 6 साल का मासूम अचानक लापता हो गया। बच्चे के अपहरण की आशंका के चलते पुलिस ने तत्काल “ऑपरेशन कन्हैया” शुरू किया और सैकड़ों पुलिसकर्मियों को सर्चिंग में लगाया गया। कई घंटों की मशक्कत के बाद बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया गया।
दरअसल, मामला ग्वालियर के पुरानी छावनी थाना क्षेत्र के रुद्रपुर इलाके का है। जहां पर निर्माणाधीन अस्पताल परिसर में चौकीदारी करने वाले दंपत्ति का 6 साल का बेटा अचानक लापता हो गया। काफी तलाश के बाद भी जब बच्चे का कोई सुराग नहीं मिला तो परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। बच्चे के अपहरण की आशंका को देखते हुए पुलिस ने तत्काल ऑपरेशन “कन्हैया” शुरू कर दिया। आसपास के जंगलों, पहाड़ियों और अन्य संभावित जगहों पर सर्चिंग के लिए 50 से अधिक जवानों को मैदान में उतारा गया।
ये भी पढ़ें: लापता विधायक ? MP में MLA के गायब होने के लगे पोस्टर, जानिए क्या है मामला
वहीं एक दर्जन से अधिक थानों की पुलिस टीमों सहित करीब 200 पुलिसकर्मी बच्चे की तलाश में जुट गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने बच्चे की सूचना देने वाले को 10 हजार रुपये का इनाम देने की भी घोषणा की। देर रात तक लगातार सर्चिंग अभियान जारी रहा और पुलिस की टीमें हर संभावित जगह पर बच्चे की तलाश करती रहीं। करीब 8 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद रात लगभग ढाई बजे बच्चा सकुशल मिल गया। जांच में सामने आया कि वह कहीं बाहर नहीं गया था, बल्कि घर के पास खड़ी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली में सो रहा था।
ये भी पढ़ें: फरार आरोपी पर इनाम घोषित करने की तैयारी! कांग्रेस नेता और पूर्व जनपद अध्यक्ष से भी होगी पूछताछ, जांच के बाद दर्ज हो सकता है केस
पूछताछ में बच्चे ने बताया कि वह किसी बात को लेकर अपने माता-पिता से नाराज हो गया था और मोबाइल लेकर ट्रैक्टर-ट्रॉली में जाकर बैठ गया था। मोबाइल चलाते-चलाते उसे नींद आ गई और वह वहीं सो गया। बहरहाल बच्चे के सुरक्षित मिलने के बाद पुलिस और परिजनों ने राहत की सांस ली। इस पूरे घटनाक्रम ने कुछ घंटों के लिए पुलिस प्रशासन और परिवार की चिंता जरूर बढ़ा दी थी। फाइनली मासूम के सकुशल मिलने से सभी ने राहत महसूस की। अब बच्चा पूरी तरह सुरक्षित है और पुलिस ने उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।

