कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। ग्वालियर नगर निगम की सियासत में शुक्रवार का दिन बेहद अहम रहने वाला है। नगर निगम की अपील समिति के चुनाव का रास्ता अब पूरी तरह साफ हो गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी से चर्चा के बाद तय हुआ है कि 10 जुलाई को ही चुनाव कराया जाएगा। इससे पहले परिषद की संक्षिप्त बैठक होगी, जिसमें बैठक की तारीख आगे बढ़ाने का प्रस्ताव पारित किया जाएगा और फिर सभी पार्षदों की मौजूदगी में अपील समिति के लिए मतदान होगा। खास बात यह है कि भाजपा और कांग्रेस, दोनों ही अपनी-अपनी जीत का दावा कर रही हैं।

अपील समिति के चुनाव को लेकर पिछले कुछ दिनों से असमंजस की स्थिति बनी हुई थी। परिषद की पिछली बैठक में सत्ता पक्ष कांग्रेस और विपक्षी भाजपा पार्षदों ने सर्वसम्मति से चुनाव की तारीख बदलने का प्रस्ताव पारित किया था। लेकिन जिला निर्वाचन अधिकारी ने नगर निगम अधिनियम का हवाला देते हुए इसे नियमों के विपरीत बताया,10 जुलाई को पहले से नगर निगम परिषद की बैठक निर्धारित थी। निगम अधिनियम के तहत तय परिषद बैठक की तारीख सीधे बदली नहीं जा सकती।

ये भी पढ़ें: बारिश में घूमने का प्लान? ऑनलाइन होटल बुकिंग से पहले पढ़ लें यह खबर, वरना लग सकता है झटका

क्या है अपील समिति ?

हालांकि परिषद की बैठक आयोजित कर सदन की सहमति से उसे आगे बढ़ाया जा सकता है। इसी कानूनी प्रक्रिया को अपनाते हुए शुक्रवार को पहले परिषद की संक्षिप्त बैठक होगी, फिर बैठक स्थगित करने का प्रस्ताव पारित किया जाएगा और उसके बाद अपील समिति के सदस्यों का चुनाव कराया जाएगा। अपील समिति नगर निगम की एक महत्वपूर्ण वैधानिक समिति है, जो निगम के विभिन्न मामलों में दायर अपीलों की सुनवाई और निर्णय का अधिकार रखती है।

ये भी पढ़ें: स्कूल से झूठ बोलकर निकली और हो गई गायब: एयरफोर्स अधिकारी की 12 साल की बेटी लापता, CCTV से मिला सुराग

ऐसे में इस समिति का गठन प्रशासनिक और राजनीतिक, दोनों ही दृष्टि से काफी अहम माना जा रहा है। ऐसे में अब सभी की निगाहें होने वाले चुनाव पर टिकी हैं। भाजपा और कांग्रेस दोनों अपनी-अपनी रणनीति के साथ मैदान में हैं और जीत का दावा भी कर चुकी हैं। ऐसे में अपील समिति का यह चुनाव केवल समिति के गठन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि नगर निगम परिषद में दोनों दलों की राजनीतिक ताकत की भी परीक्षा माना जा रहा है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m