शब्बीर अहमद, भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने ग्वालियर के शीतला माता मंदिर के पास भीषण सड़क हादसे पर सख्त एक्शन लिया है। लापरवाही बरतने पर सीएसपी को तत्काल हटाने और आठ पुलिसकर्मियों को निलंबित करने के निर्देश दिए है। तीन थाना प्रभारी, एक यातायात निरीक्षक, एक प्रधान आरक्षक और तीन आरक्षक शामिल है। इसके साथ ही सीएम ने घटना की विस्तृत जांच के भी निर्देश दिए है। उन्होंने कहा कि जांच में जिम्मेदारी तय कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

सीएम डॉ मोहन यादव ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स (X) पर पोस्ट कर लिखा- ग्वालियर के शीतला माता मंदिर के पास हुई घटना में लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए सीएसपी को तत्काल हटाने एवं तीन थाना प्रभारियों, एक यातायात निरीक्षक, एक प्रधान आरक्षक और तीन आरक्षकों को निलंबित करने तथा घटना की विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं, ताकि जिम्मेदारी तय कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। सभी नागरिकों की सुरक्षा सर्वोपरि है। भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। जनसुरक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

ये भी पढ़ें: ग्वालियर हादसे में ‘गूगल मैप’ की गलती या लापरवाही? राजस्थान से ट्रक मालिक और ड्राइवर गिरफ्तार, घटना के बाद कूदकर भागे थे आरोपी

इलाज का पूरा खर्च उठाएगी सरकार

इससे पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कहा कि ग्वालियर में ट्रक हादसे में श्रद्धालुओं की मृत्यु का समाचार अत्यंत हृदयविदारक है। उन्होंने सभी मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं। मुख्यमंत्री के मुताबिक, मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये, गंभीर घायलों को दो-दो लाख रुपये और अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी। घायलों के इलाज का पूरा खर्च भी सरकार उठाएगी।

ये भी पढ़ें: ग्वालियर शीतला मंदिर हादसे में 15 लोगों की गई जान, आक्रोशित परिजनों का फूटा गुस्सा; कांग्रेस ने की अधिक मुआवजे की मांग

पीएम मोदी ने जताया दुख, 2-2 लाख मुआवजे का ऐलान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर दुख जताया है। साथ ही उन्होंने मुआवजे देने का भी ऐलान किया है। पीएमओ कार्यालय ने सोशल साइट एक्स (x) पर पोस्ट कर लिखा- मध्य प्रदेश के ग्वालियर में हुए हादसे में लोगों की जान जाने की खबर से बहुत दुख हुआ। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि जान गंवाने वालों के परिजनों को PMNRF से 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।

ये भी पढ़ें: ग्वालियर हादसे पर पीएम मोदी ने जताया दुख, 2-2 लाख मुआवजे का ऐलान; राहुल गांधी ने कही ये बात

कैसे हुआ हादसा?

गौरतलब है कि ग्वालियर के शीतला माता मंदिर के पास शनिवार देर रात दर्दनाक हादसा हुआ। जहां ट्रक चीनोर की तरफ से आ रहा था और ढलान पर खड़ा था। रात करीब 1 बजे अचानक ब्रेक फेल होने से ट्रक ढलान से लुढ़का और पलटते हुए मंदिर के गेट में जा घुसा। दर्शन के लिए खड़े श्रद्धालुओं की भीड़ में जा घुसा। इस घटना में अब तक 15 लोगों के मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 25 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू शुरू किया। क्रेन की मदद से ट्रक को हटाकर नीचे दबे श्रद्धालुओं को बाहर निकाला गया। सभी घायलों को जयारोग्य अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया है। घायलों में ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड के दो जवान भी शामिल है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m