कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर स्थित प्रसिद्ध शीतला माता मंदिर के पास हुए दर्दनाक हादसे की अब मजिस्ट्रियल जांच होगी। हादसे की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी रुचिका चौहान ने मजिस्ट्रियल जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। इस मामले में अपर जिला मजिस्ट्रेट (ADM) सीबी प्रसाद को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है जिन्हें सात दिन के भीतर अपनी विस्तृत जांच रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।
ये भी पढ़ें: ये क्या तमाशा है… ट्रामा सेंटर में ग्रीन कार्पेट लगाने पर भड़के मंत्री सिंधिया, घायल श्रद्धालुओं से मिलने पहुंचे थे अस्पताल
कैसे हुआ था यह दर्दनाक हादसा?
बता दें कि 17 और 18 अक्टूबर की दरमियानी रात नवरात्रि के पावन अवसर पर शीतला माता मंदिर के पास यह भीषण हादसा हुआ था। चीनौर रोड की ओर से आ रहा एक तेज रफ्तार और बेकाबू ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे प्रसाद की पांच दुकानों को बुरी तरह रौंदते हुए सीधे मंदिर के मुख्य द्वार से जा टकराया। इस दर्दनाक घटना में कुल 15 लोगों की जान चली गई, जिनमें 2 महिलाएं, 2 नाबालिग बच्चे और 11 पुरुष शामिल हैं। इसके अलावा इस हादसे में 27 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं जिनका इलाज जारी है।
ये भी पढ़ें: ग्वालियर शीतला मंदिर हादसे पर सीएम मोहन का कड़ा रुख: सीएसपी पर गिरी गाज-तीन थाना प्रभारियों समेत 8 पुलिसकर्मी सस्पेंड, जांच के आदेश
जांच के दायरे में लापरवाही और सुरक्षा इंतजाम
कलेक्टर रुचिका चौहान द्वारा जारी आदेश के अनुसार जांच अधिकारी एडीएम सीबी प्रसाद यह पता लगाएंगे कि यह हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, भारी वाहन घटनास्थल तक कैसे पहुंचा और क्या इस मामले में किसी स्तर पर प्रशासनिक या अन्य कोई लापरवाही बरती गई थी। जांच में यदि किसी की लापरवाही सामने आती है तो उसकी जिम्मेदारी तय की जाएगी। साथ ही भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए प्रभावी उपाय और सुझाव भी मांगे गए हैं। अब पूरे मामले में सबकी निगाहें सात दिन के भीतर आने वाली जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

