कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में विकास कार्यों में भ्रष्टाचार और खराब गुणवत्ता को लेकर एक बड़ा मामला सामने आया है। यहां करीब 1 करोड़ 74 लाख रुपये की भारी-भरकम लागत से बन रही एक सड़क की गुणवत्ता को लेकर स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों का गुस्सा इस कदर फूटा कि मौके पर जमकर हंगामा और मारपीट हो गई। जनता के आक्रोश के बाद जब नगर निगम के अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की, तो शुरुआती जांच में ही भ्रष्टाचार की पोल खुल गई।


ये भी पढें: वीर भारत न्यास मामले में दिग्विजय सिंह ने दी मोहन सरकार को क्लीन चिट, बोले- ‘दलाल लोग पैसे वसूलने झूठे आरोप लगा रहे’

बहस के बाद भड़का गुस्सा: ठेकेदार के स्टाफ को दौड़ाकर पीटा

यह पूरा सनसनीखेज मामला ग्वालियर के सिंहपुर रोड का है, जहाँ 1.74 करोड़ रुपये की लागत से नई सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। सड़क निर्माण में धांधली और खराब गुणवत्ता की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद स्थानीय पार्षद, जनप्रतिनिधि और रहवासी खुद निरीक्षण करने मौके पर पहुंचे थे।

मौके पर जब लोगों ने काम की गुणवत्ता पर सवाल उठाए, तो ठेकेदार फर्म के कर्मचारियों ने बहस शुरू कर दी। देखते ही देखते यह बहस हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि आक्रोशित स्थानीय लोगों ने ठेकेदार पक्ष के कर्मचारियों को सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर पीट दिया।

कोर कटिंग जांच में खुली पोल, तय मानक से पतली निकली सड़क

हंगामे और मारपीट की सूचना मिलते ही नगर निगम के कार्यपालन यंत्री (EE), उपयंत्री (Sub Engineer) और पूरा इंजीनियरिंग अमला आनन-फानन में सिंहपुर रोड पहुंचा। अधिकारियों ने तुरंत सड़क की ‘कोर कटिंग’ कराई। शुरुआती सरकारी जांच में ही यह साफ हो गया कि कई स्थानों पर सड़क की मोटाई तय मापदंडों और मानकों से काफी कम थी। यानी सीधे तौर पर जनता के पैसे की बर्बादी और घोटाले का खेल चल रहा था।

ये भी पढ़ें: “चंदा चोरों के लिए नो एंट्री…” रतलाम में पूर्व CM दिग्विजय का बयान, जानिए किस मुद्दे पर गरमाई सूबे की सियासत!

निर्माण कार्य पर लगी रोक, लैब भेजे गए सैंपल

शुरुआती जांच में ही धांधली पकड़े जाने के बाद नगर निगम के अधिकारियों ने तुरंत सड़क का निर्माण कार्य रुकवा दिया है। अधिकारियों ने सड़क के सैंपल सील कर लैब टेस्टिंग के लिए भेज दिए हैं। नगर निगम प्रशासन का साफ कहना है कि लैब से अंतिम रिपोर्ट आने के बाद यदि गुणवत्ता में और कमी पाई जाती है, तो संबंधित ठेकेदार फर्म के खिलाफ एफआईआर (FIR) समेत सख्त से सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m