कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। ग्वालियर के मुरार इलाके में भीषण सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। बड़ागांव खुरैरी रोड पर तेज स्पीड से आ रहे ट्रक ने बाइक सवार दो छात्रों को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में 17 साल के लवकुश जाटव की पहिए के नीचे दबने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से जख्मी हो गया। हादसे का सीसीटीवी वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
दरअसल, लवकुश मूल रूप से भिंड जिले के गोहद का रहने वाला था। वह अपने दोस्त प्रशांत के साथ किसी परिचित से मुलाकात कर वापस लौट रहा था। वीडियो में दिख रहा है कि पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। संतुलन बिगड़ने से लवकुश सड़क पर गिरा और ट्रक के पिछले पहिए के नीचे आ गया। पहिया सिर के ऊपर से गुजरने के कारण उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जबकि उसके दोस्त प्रशांत को चोटें आई और उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
ये भी पढ़ें: मध्यप्रदेश: फुनगा पुलिस चौकी क्षेत्र में दो अलग-अलग हादसों में दो युवकों की मौत, परिवारों में छाया मातम
टक्कर मारने के बाद ड्राइवर ट्रक छोड़कर फरार हो गया। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने है। सूचना मिलते ही मुरार थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और वाहन को कब्जे में ले लिया। फरार ड्राइवर की पहचान की जा रहा है। बताया जा रहा है कि लवकुश अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी मौत की खबर मिलते ही गोहद से परिजन ग्वालियर पहुंचे, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव उन्हें सौंप दिया गया। परिवार में मातम पसरा है।
वहीं स्थानीय रहवासियों का आरोप है कि बड़ागांव खुरैरी मार्ग पर भारी वाहनों की बेलगाम रफ्तार से अक्सर दुर्घटनाएं होती हैं, लेकिन यातायात नियंत्रण के लिए कोई पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए हैं। फिलहाल पुलिस ने केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


